Chhattisgarh Raipur News : रायपुर। स्वतंत्रता दिवस के पावन अवसर पर राष्ट्रपति भवन में आयोजित भव्य एट होम कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ की लोक संस्कृति की शानदार झलक देखने को मिली। छत्तीसगढ़ के वरिष्ठ लोक कलाकार एवं संगीत नाटक अकादमी से सम्मानित राकेश तिवारी ने अपनी टीम के साथ सुरीली लोकधुनों की प्रस्तुति देकर उपस्थित लोगों को मंत्रमुग्ध कर दिया। इस विशेष सांस्कृतिक प्रस्तुति में छत्तीसगढ़ के साथ चार अलग-अलग राज्यों की लोक परंपराओं का अनूठा संगम देखने को मिला।
कार्यक्रम की शुरुआत छत्तीसगढ़ के पारंपरिक वाद्य यंत्रों मोहरी, गुदुम, दफड़ा और दमऊ की मंगलमय धुनों से हुई। इसके बाद महाराष्ट्र के संबल, गोवा के घुमट तथा मध्य प्रदेश के मांदर और झांझ को भी प्रस्तुति में शामिल किया गया। विभिन्न राज्यों के पारंपरिक वाद्य यंत्रों की स्वर-लय ने देश की सांस्कृतिक विविधता और एकता का संदेश दिया।
इस मनमोहक प्रस्तुति के दौरान राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री, उपराष्ट्रपति, केंद्रीय मंत्रिमंडल के वरिष्ठ मंत्री और विभिन्न देशों से आए विदेशी अतिथि मौजूद रहे। सभी ने कलाकारों की प्रस्तुति की सराहना की। छत्तीसगढ़ से राकेश तिवारी के अलावा बालोद के राधे सिंह गंधर्व और नारायणपुर के राम सिंह सलाम ने भी राष्ट्रीय मंच पर अपनी कला का प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम के अंत में राष्ट्रपति ने सभी कलाकारों के साथ विशेष समूह चित्र खिंचवाकर उनका उत्साहवर्धन किया। राष्ट्रपति भवन में छत्तीसगढ़ की लोकधुनों और पारंपरिक वाद्य यंत्रों की यह प्रस्तुति प्रदेश की समृद्ध लोक संस्कृति और देश की सांस्कृतिक एकता का प्रभावशाली उदाहरण बनी।

