Ambikapur News : 4 अगस्त से हड़ताल पर इंटर्न डॉक्टर, अनोखे प्रदर्शन से सरकार का ध्यान खींचने की कोशिश

Ambikapur News : 4 अगस्त से हड़ताल पर इंटर्न डॉक्टर, अनोखे प्रदर्शन से सरकार का ध्यान खींचने की कोशिश

Chhattisgarh Ambikapur News : अंबिकापुर। राजमाता देवेंद्र कुमारी सिंहदेव शासकीय मेडिकल कॉलेज अस्पताल अंबिकापुर में स्टाइपेंड बढ़ाने की मांग को लेकर 4 अगस्त से हड़ताल कर रहे एमबीबीएस इंटर्न डॉक्टरों ने सोमवार को अनोखे अंदाज में विरोध प्रदर्शन किया। सफेद एप्रन पहने इंटर्न डॉक्टरों ने धरना स्थल पर ‘एमबीबीएस चायवाला’ नाम से चाय की दुकान लगाई और मरीजों के स्वजन, अस्पताल स्टाफ व आम लोगों को चाय पिलाकर अपनी मांगों की ओर ध्यान आकर्षित किया।

इंटर्न डॉक्टरों ने चाय के साथ एक डिब्बा भी रखा था, जिस पर स्वेच्छा से राशि डालने की अपील की गई। डॉक्टरों का कहना था कि एमबीबीएस की पढ़ाई पूरी करने के बाद मिलने वाला स्टाइपेंड इतना कम है कि एक चाय बेचने वाला भी उनसे अधिक कमा सकता है। इसी संदेश को लोगों तक पहुंचाने के लिए उन्होंने प्रतीकात्मक रूप से चाय बेचने का प्रदर्शन किया।

इंटर्न चिकित्सकों का कहना है कि वे आपातकालीन सेवाओं, ओपीडी और वार्ड में दिन-रात ड्यूटी करते हुए मरीजों का इलाज कर रहे हैं, लेकिन उनकी मांगों पर सरकार का ध्यान नहीं है। उनका दावा है कि अन्य राज्यों की तुलना में छत्तीसगढ़ में एमबीबीएस इंटर्न को मिलने वाला स्टाइपेंड काफी कम है। वर्तमान में उन्हें 15,900 रुपये स्टाइपेंड मिलता है, जिसे बढ़ाकर कम से कम 30 हजार रुपये करने की मांग की जा रही है।

इंटर्न डॉक्टरों ने स्टाइपेंड में वृद्धि के साथ अस्पताल में सम्मान और सुरक्षा की भी मांग की है। उनका कहना है कि कम स्टाइपेंड में परिवार का खर्च चलाना मुश्किल हो रहा है। यदि मांगें नहीं मानी गईं तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।

सोमवार को ‘एमबीबीएस चायवाला’ प्रदर्शन अस्पताल परिसर में लोगों के बीच आकर्षण का केंद्र बना रहा। अस्पताल पहुंचे कई लोग रुककर इंटर्न डॉक्टरों की बात सुनते नजर आए। कुछ लोगों ने चाय पीने के साथ डिब्बे में सहयोग राशि भी डालकर उनकी मांगों का समर्थन किया। इंटर्न चिकित्सकों ने स्पष्ट किया कि मांगें पूरी होने तक उनका आंदोलन जारी रहेगा और जरूरत पड़ने पर इसे और व्यापक किया जाएगा।


Related Articles