Raipur News: विद्यार्थियों के जरिए घर-घर पहुंचेगा स्वच्छता का संदेश, सेवा संकल्प अभियान को लेकर तैयारियां तेज

Raipur News: विद्यार्थियों के जरिए घर-घर पहुंचेगा स्वच्छता का संदेश, सेवा संकल्प अभियान को लेकर तैयारियां तेज

Chhattisgarh Raipur News: रायपुर। सेवा संकल्प अभियान के सफल क्रियान्वयन को लेकर उप मुख्यमंत्री एवं प्रभारी मंत्री अरुण साव ने वर्चुअल बैठक के माध्यम से तैयारियों की समीक्षा की। अभियान के तहत 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक विभिन्न जनभागीदारी आधारित कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। बैठक में सांसद भोजराज नाग, विधायक आशाराम नेताम और जिला पंचायत अध्यक्ष किरण नरेटी भी वर्चुअली शामिल हुईं।

बैठक में अभियान के तहत प्रस्तावित गतिविधियों की रूपरेखा और उनकी तैयारियों को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने अधिकारियों को सभी कार्यक्रमों का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने 2 अक्टूबर गांधी जयंती के अवसर पर स्वच्छता के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने के लिए सभी स्कूलों में विशेष गतिविधियां आयोजित करने को कहा।

अरुण साव ने निर्देश दिए कि विद्यालय खुलने के बाद प्राथमिक से लेकर उच्चतर माध्यमिक स्तर तक के विद्यार्थियों को स्वच्छता के महत्व की जानकारी दी जाए। विद्यार्थियों को स्वच्छता की शपथ दिलाने के साथ उन्हें स्वयं स्वच्छ रहने और अपने आसपास के लोगों को भी स्वच्छता के प्रति जागरूक एवं प्रेरित करने के लिए प्रोत्साहित करने को कहा गया।

उप मुख्यमंत्री ने कहा कि बच्चों में स्वच्छता की आदत विकसित करने के साथ उन्हें अपने परिवार और आसपास के लोगों को भी स्वच्छता के लिए प्रेरित करने की जिम्मेदारी दी जानी चाहिए। इससे स्वच्छता के प्रति व्यापक जनजागरूकता विकसित करने में मदद मिलेगी और अभियान को जनभागीदारी के माध्यम से और मजबूत बनाया जा सकेगा।

उन्होंने कहा कि 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलने वाले सेवा संकल्प अभियान में विभिन्न स्तरों पर जनभागीदारी आधारित गतिविधियों के माध्यम से सेवा, स्वच्छता और सामाजिक जागरूकता का संदेश लोगों तक पहुंचाने पर विशेष जोर रहेगा।


Related Articles