CG Balrampur News: बलरामपुर: जिले के रामचंद्रपुर थाना क्षेत्र में पशुओं के साथ क्रूरता के मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 61 वर्षीय आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी पर 9 भैंसों को कथित तौर पर मारते-पीटते और क्रूरतापूर्वक बूचड़खाने की ओर ले जाने का आरोप है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ पशु क्रूरता निवारण अधिनियम सहित संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर उसे न्यायालय में पेश किया, जहां से जेल वारंट जारी होने के बाद उसे जिला जेल भेज दिया गया।
09 भैंसों को क्रूरतापूर्वक ले जाने की मिली सूचना
पुलिस के अनुसार, 14 सितंबर 2026 को ग्राम औरंगा निवासी उदय कुमार सिंह ने रामचंद्रपुर थाने में लिखित शिकायत देकर सूचना दी कि एक व्यक्ति 9 भैंसों को मारते-पीटते हुए क्रूरतापूर्वक बूचड़खाने की ओर ले जा रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और पशुओं को अपने कब्जे में लेकर संदिग्ध व्यक्ति से पूछताछ शुरू की।
पूछताछ में सामने आई आरोपी की पहचान
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम शिवनाथ यादव (61), पिता स्व. ज्ञानी यादव, निवासी ग्राम सुंदरपुर, थाना सनावल, जिला बलरामपुर-रामानुजगंज बताया। पुलिस के मुताबिक पूछताछ के दौरान आरोपी ने घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की, जिसके बाद उसे विधिवत गिरफ्तार कर लिया गया।
पशु क्रूरता अधिनियम के तहत मामला दर्ज
रामचंद्रपुर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ पशु क्रूरता निवारण अधिनियम 1960 की धारा 11 तथा छत्तीसगढ़ कृषक पशु परीक्षण निवारण अधिनियम 2004 की धाराओं 4, 6 और 10 के तहत अपराध क्रमांक 41/2026 दर्ज किया है। मामले में पुलिस ने आगे की कानूनी कार्रवाई पूरी करते हुए आरोपी को न्यायालय के समक्ष पेश किया।
न्यायालय ने भेजा जिला जेल
न्यायालय से आरोपी के खिलाफ जेल वारंट जारी होने के बाद पुलिस ने उसे जिला जेल दाखिल करा दिया। पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है।

