Chhattisgarh Raipur News : रायपुर। सार्वजनिक वितरण प्रणाली (PDS) को लेकर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने भाजपा सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश में राशन वितरण व्यवस्था खराब है और कई हितग्राही राशन कार्ड लेकर दुकानों के चक्कर लगा रहे हैं। बैज के मुताबिक अगस्त का राशन अब तक कई दुकानों तक नहीं पहुंचा है।
दीपक बैज ने कहा कि कई राशन दुकानों में शक्कर उपलब्ध नहीं है, जबकि बाजार में इसकी कीमत 60 रुपये किलो तक पहुंच गई है। उन्होंने दावा किया कि बस्तर में मिलने वाला चना और गुड़ भी कई महीनों से लोगों को नहीं मिल रहा है। उन्होंने सरकार पर गरीबों को समय पर राशन उपलब्ध नहीं कराने का आरोप लगाते हुए व्यवस्था में सुधार की मांग की।
डिप्टी सीएम अरुण साव के कांग्रेस के मुस्लिम लीग के रास्ते पर चलने वाले बयान पर बैज ने पलटवार किया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस कार्यसमिति की बैठक में नीट, अयोध्या में चढ़ावे की चोरी, चीन का भारत पर कब्जा, महिला आरक्षण और ई-20 पेट्रोल जैसे मुद्दों पर चर्चा हुई, लेकिन भाजपा इन मुद्दों के बजाय मुस्लिम लीग की बात कर रही है। बैज ने अरुण साव के बयान पर सवाल उठाते हुए कहा कि उन्हें इतिहास की जानकारी लेनी चाहिए और देखना चाहिए कि मुस्लिम लीग के साथ सरकार किसने चलाई थी।
भाजपा विधायक अजय चंद्राकर के कांग्रेस के लिए जेल को तीर्थ स्थल जैसा बताने वाले बयान पर भी बैज ने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि यदि भाजपा षड्यंत्रपूर्वक कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं को जेल भेजना चाहती है तो भेजे, लेकिन कार्यकर्ताओं को डराने-धमकाने और फर्जी एफआईआर दर्ज करने से कांग्रेस डरने वाली नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि बदले की भावना से एजेंसियों और पुलिस का इस्तेमाल किया जा रहा है।
अभनपुर में कांग्रेस नेता द्वारा कथित तौर पर अपशब्द कहे जाने के वायरल वीडियो को लेकर बैज ने कहा कि उन्होंने वीडियो नहीं देखा है। उन्होंने कहा कि गाली-गलौज उचित नहीं है और सभी जनप्रतिनिधियों को संयम बरतना चाहिए। साथ ही उन्होंने कहा कि यह भी जांचना जरूरी है कि ऐसी परिस्थितियां क्यों पैदा हुईं। पीसीसी संबंधित नेता से चर्चा कर पूरे मामले की जानकारी लेगी।
ED की कार्रवाई को लेकर दीपक बैज ने केंद्र और राज्य की भाजपा सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि छत्तीसगढ़ में ED और CBI की कार्रवाई अब रोजमर्रा की बात बन गई है और विपक्षी नेताओं को निशाना बनाया जा रहा है। रामगोपाल अग्रवाल से जुड़े मामले का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि भाजपा नेताओं के यहां इस तरह की कार्रवाई नहीं होती।
कथावाचक प्रदीप मिश्रा द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की तुलना भगवान शंकर से किए जाने के सवाल पर बैज ने कहा कि प्रदीप मिश्रा कथावाचक और विद्वान हैं और उनके लिए कोई भगवान शिव हो सकता है, लेकिन कांग्रेस के लिए मोदी और शाह ने देश के साथ अन्याय किया है। उन्होंने केंद्र सरकार पर युवाओं के साथ धोखा करने और चंदे से जुड़े मामलों में अनियमितता के आरोप भी लगाए।

