Chhattisgarh Durg News : दुर्ग। छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने गुरुवार को रियल एस्टेट कारोबार से जुड़े कारोबारियों के ठिकानों पर दबिश दी। जानकारी के मुताबिक, ED की टीम ने रियल एस्टेट कारोबारी सजल जैन और विश्वास गुप्ता के निवास के साथ उनकी दुकानों में भी जांच शुरू की है।
बताया जा रहा है कि ED की टीम दुर्ग की जैन गली स्थित निवास पर पहुंची। करीब तीन गाड़ियों में पहुंची टीम में 12 से अधिक अधिकारी शामिल बताए जा रहे हैं। कार्रवाई के दौरान सुरक्षा व्यवस्था के लिए CRPF के जवानों को भी तैनात किया गया है।
जानकारी के अनुसार, कांग्रेस कोषाध्यक्ष रामगोपाल अग्रवाल से जुड़े दस्तावेजों और जांच के दौरान सामने आए इनपुट के आधार पर ED की कार्रवाई रियल एस्टेट कारोबारियों तक पहुंची है। इसी इनपुट के आधार पर टीम संबंधित ठिकानों पर दस्तावेजों और अन्य रिकॉर्ड की जांच कर रही है। फिलहाल कार्रवाई जारी है और जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि टीम को क्या-क्या दस्तावेज या अन्य महत्वपूर्ण जानकारी मिली है।
बता दें कि ED ने गुरुवार को कांग्रेस कोषाध्यक्ष रामगोपाल अग्रवाल के ठिकानों पर भी कार्रवाई की है। इसके अलावा जीडी लॉजिस्टिक के संचालक और डॉक्टर कमलेश्वर अग्रवाल के भाई अनूप अग्रवाल के रविनगर स्थित घर और दफ्तर समेत चार ठिकानों पर भी छापेमारी की जानकारी सामने आई है।
इसी कड़ी में रामगोपाल अग्रवाल के भतीजे प्रतीक अग्रवाल के धमतरी स्थित आवास पर भी ED की टीम ने दबिश दी है। अलग-अलग स्थानों पर चल रही इस कार्रवाई के बीच दुर्ग में रियल एस्टेट कारोबारियों के ठिकानों पर हुई जांच को लेकर भी गतिविधियां तेज हो गई हैं। फिलहाल ED की ओर से कार्रवाई को लेकर कोई विस्तृत आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।

