Raipur News: आपदा से निपटने विभागों की तैयारियों की होगी परीक्षा, 18 और 20 अगस्त को दो चरणों में अभ्यास

Raipur News: आपदा से निपटने विभागों की तैयारियों की होगी परीक्षा, 18 और 20 अगस्त को दो चरणों में अभ्यास

Chhattisgarh Raipur News: रायपुर। छत्तीसगढ़ में संभावित बाढ़ आपदा से निपटने के लिए प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (NDMA) की ओर से आयोजित उच्चस्तरीय कॉन्फ्रेंस में प्रदेश की आपदा प्रबंधन क्षमताओं और विभागों के बीच समन्वय की समीक्षा की गई। इस दौरान तय किया गया कि तैयारियों को परखने के लिए 18 अगस्त को राज्य स्तरीय टेबल-टॉप एक्सरसाइज और 20 अगस्त को व्यापक मॉक एक्सरसाइज यानी मॉक ड्रिल आयोजित की जाएगी।

राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग की सचिव शम्मी आबिदी ने जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरणों के अधिकारियों को टेबल-टॉप एक्सरसाइज से जुड़ी प्रक्रियाओं और एसओपी को अच्छी तरह समझने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि वास्तविक आपदा की स्थिति में राहत और बचाव कार्यों में किसी तरह की देरी न हो, इसके लिए पहले से अभ्यास और तैयारियों की समीक्षा बेहद जरूरी है।

कॉन्फ्रेंस में बाढ़ की स्थिति में विभिन्न विभागों की जिम्मेदारियों और उनके बीच बेहतर समन्वय को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण, लोक निर्माण, जल संसाधन, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी और पशुपालन विभाग को बाढ़ के दौरान किए जाने वाले त्वरित राहत एवं बचाव कार्यों के लिए तैयार रहने पर जोर दिया गया।

बैठक में नगर सेना, अग्निशमन, नागरिक सुरक्षा, पुलिस मुख्यालय, रायपुर रेल मंडल, स्वामी विवेकानंद एयरपोर्ट, दूरसंचार, विज्ञान केंद्र और औद्योगिक स्वास्थ्य एवं सुरक्षा विभाग के वरिष्ठ अधिकारी भी शामिल हुए। इसके अलावा पंचायत, ऊर्जा, परिवहन और खाद्य विभाग के अधिकारियों ने भी आपदा प्रबंधन की तैयारियों पर चर्चा की।

प्रदेश के सभी जिलों के नोडल अधिकारी भी ऑनलाइन माध्यम से कॉन्फ्रेंस में जुड़े। आगामी टेबल-टॉप एक्सरसाइज और मॉक ड्रिल के जरिए यह परखा जाएगा कि बाढ़ जैसी आपदा के दौरान अलग-अलग विभाग कितनी तेजी और प्रभावी तरीके से राहत, बचाव, संचार और आवश्यक सेवाओं को संचालित कर सकते हैं।


Related Articles