Chhattisgarh Raipur News: रायपुर। तिरंगा यात्रा को लेकर छत्तीसगढ़ की सियासत गरमा गई है। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए तिरंगा यात्रा को लेकर कई सवाल खड़े किए। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा जो कहती है, उसके विपरीत काम करती है।
भूपेश बघेल ने कहा कि 52 साल तक आरएसएस कार्यालय में तिरंगा झंडा नहीं फहराया गया और अब छत्तीसगढ़ में भाजपा तिरंगा यात्रा निकाल रही है। उन्होंने इसे लेकर भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि यह छद्म राष्ट्रवाद है। उन्होंने केंद्र सरकार पर भी निशाना साधते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश नहीं बिकने देने की बात कही थी, लेकिन आज देश बिक रहा है।
पूर्व मुख्यमंत्री ने अपने बयान में कहा, “राम नाम जपना, पराया माल अपना” और आरोप लगाया कि अब राम के नाम से जुड़े मामलों में भी कथित तौर पर माल नहीं छोड़ा जा रहा है।
भूपेश बघेल ने प्रदेश की कानून व्यवस्था को लेकर भी भाजपा सरकार पर हमला बोला। उन्होंने कहा कि राज्य में कानून व्यवस्था का हाल बेहाल है और एक सप्ताह में छह-छह हत्याएं हो रही हैं। उन्होंने एक युवती के साथ दो बार गैंगरेप की घटना का जिक्र करते हुए सरकार पर गंभीर सवाल उठाए।
उन्होंने गृह मंत्री पर भी निशाना साधते हुए कहा कि उनका ध्यान पंचायत की ओर है। बघेल ने आरोप लगाया कि अब गांवों में टैक्स लेने का फरमान जारी किया गया है। उन्होंने कहा कि सरकार ने एक हजार रुपये दिए और अब उसके बदले वसूली शुरू कर दी गई है।
पूर्व मुख्यमंत्री ने स्वामी आत्मानंद स्कूलों को लेकर भी सरकार पर सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि जिन स्कूलों को लेकर पूर्व सरकार के दौरान बेहतर शिक्षा की बात कही जाती थी, वहां अब फीस देनी पड़ रही है। बघेल ने तिरंगा यात्रा, कानून व्यवस्था और शिक्षा समेत कई मुद्दों को लेकर भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला।

