Chhattisgarh Raipur News: रायपुर। स्मार्ट मीटर को लेकर फैल रही भ्रांतियों और अफवाहों के बीच छत्तीसगढ़ स्टेट पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी (CSPDCL) ने बड़ा दावा किया है। कंपनी द्वारा रायपुर, दुर्ग और बिलासपुर के स्मार्ट मीटर उपभोक्ताओं की मई, जून और जुलाई 2026 की बिजली खपत का तुलनात्मक अध्ययन कराया गया, जिसमें यह सामने आया कि जुलाई महीने में अधिकांश उपभोक्ताओं की बिजली खपत में उल्लेखनीय कमी दर्ज की गई। कंपनी का कहना है कि बिजली की खपत स्मार्ट मीटर नहीं, बल्कि उपभोक्ताओं द्वारा किए गए वास्तविक उपयोग पर निर्भर करती है।
रायपुर में 3.11 लाख से अधिक घरेलू स्मार्ट मीटर उपभोक्ताओं के अध्ययन में 1 से 26 जून के दौरान लगभग 10.85 करोड़ यूनिट बिजली की खपत दर्ज हुई, जबकि 1 से 26 जुलाई के बीच यह घटकर 7.77 करोड़ यूनिट रह गई। यानी कुल खपत में करीब 28 प्रतिशत की कमी आई। वहीं 400 यूनिट से अधिक बिजली उपयोग करने वाले 1.21 लाख उपभोक्ताओं की खपत में लगभग 44 प्रतिशत की कमी दर्ज की गई।
दुर्ग के 240 और बिलासपुर के 9,717 अधिक खपत वाले स्मार्ट मीटर उपभोक्ताओं के अध्ययन में भी जुलाई महीने में क्रमशः 53 प्रतिशत और 43 प्रतिशत तक बिजली खपत कम पाई गई। कंपनी ने स्पष्ट किया कि गर्मी के मौसम में एसी और अन्य विद्युत उपकरणों के अधिक उपयोग के कारण मई-जून में खपत बढ़ी थी, जबकि जुलाई में मौसम बदलने के साथ बिजली की मांग कम हुई।
CSPDCL ने बताया कि उपभोक्ता ‘मोर बिजली’ ऐप के माध्यम से स्मार्ट मीटर की दैनिक और सामान्य मीटर की मासिक बिजली खपत देख सकते हैं। वहीं बिजली बिल या स्मार्ट मीटर संबंधी किसी भी शिकायत के लिए टोल फ्री नंबर 1912 पर संपर्क किया जा सकता है। कंपनी ने उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे स्मार्ट मीटर को लेकर किसी भी भ्रामक जानकारी पर विश्वास न करें और केवल आधिकारिक जानकारी पर भरोसा करें।

