Chhattisgarh Raipur News: रायपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा टास्क फोर्स के गठन को लेकर छत्तीसगढ़ कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि टास्क फोर्स बनाने से कोई फायदा नहीं होगा, क्योंकि सरकार ने युवाओं का भविष्य खराब कर दिया है और आज युवा सड़कों पर उतरने को मजबूर हैं।
दीपक बैज ने आरोप लगाया कि भ्रष्टाचार व्यवस्था के भीतर मौजूद लोगों के कारण बढ़ा है और केंद्र सरकार की नीतियों से किसान व युवा लगातार आंदोलित हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि टास्क फोर्स का गठन भाजपा अपने घटते जनाधार को संभालने और राजनीतिक संतुलन बनाने की कोशिश के तहत कर रही है।
प्रधानमंत्री द्वारा मंत्रियों को सोशल मीडिया पर रील बनाने की सलाह दिए जाने के मुद्दे पर भी बैज ने निशाना साधा। उन्होंने कहा कि इससे साफ है कि सरकार युवाओं, खासकर Gen-Z को प्रभावित करने की कोशिश कर रही है। उनके अनुसार, देश का पढ़ा-लिखा युवा अपने अधिकारों के लिए आवाज उठाना जानता है और केवल सोशल मीडिया अभियान से स्थिति नहीं बदलेगी।
दिल्ली में 29 जुलाई को होने वाली कांग्रेस की बैठक को लेकर बैज ने कहा कि संगठन को लेकर पार्टी की पूरी तैयारी हो चुकी है। उन्होंने बताया कि बैठक में संगठन को मजबूत करने, अब तक हुए आंदोलनों की समीक्षा और आगामी रणनीति पर चर्चा होगी। साथ ही बारिश के बाद जल, जंगल और जमीन से जुड़े मुद्दों पर कांग्रेस के आंदोलन की रूपरेखा भी तैयार कर ली गई है।

