Chhattisgarh Raipur News: रायपुर। ऑनलाइन सट्टा कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए पुलिस ने गिरोह के मास्टरमाइंड बाबू खेमानी को गिरफ्तार कर लिया है। मुंबई और गोवा में एक साथ की गई रेड कार्रवाई में कुल 7 आरोपियों को पकड़ा गया है, जबकि एक बड़े पैनल नेटवर्क को ध्वस्त कर दिया गया है। इस पूरे ऑपरेशन की निगरानी पुलिस उपायुक्त (क्राइम एवं साइबर) स्मृतिक राजनाला के नेतृत्व में एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट द्वारा की गई।
पुलिस जांच में सामने आया है कि बाबू खेमानी अपने भाई करण खेमानी के साथ मिलकर पिछले ढाई वर्षों से 3Stumps, रेड्डी ग्रुप, बजरंग ग्रुप, मेट्रो 65 और डायमंड मास्टर जैसे ऑनलाइन सट्टा पैनल संचालित कर रहा था। खास बात यह है कि वह सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर की आड़ में इस अवैध कारोबार को चला रहा था और हाई-प्रोफाइल ग्राहकों को जोड़ रहा था।
मुंबई में रेड के दौरान बाबू खेमानी, रोहित सिंह और विशाल कश्यप को गिरफ्तार किया गया, जबकि गोवा में चल रहे पैनल पर कार्रवाई करते हुए 4 अन्य आरोपियों को पकड़ा गया। पुलिस ने मौके से 3 लैपटॉप, 18 मोबाइल फोन, राउटर, एटीएम कार्ड, सट्टे का हिसाब-किताब और एक बीएमडब्ल्यू कार समेत करीब 60 लाख रुपये का सामान जब्त किया है।
जांच में यह भी खुलासा हुआ है कि आरोपी लेन-देन के लिए म्यूल बैंक खातों का इस्तेमाल कर रहे थे, जिन्हें किराए पर लिया जाता था। इन खाताधारकों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी की भी तैयारी की जा रही है। बैंक खातों की जांच में करोड़ों रुपये के ट्रांजेक्शन सामने आए हैं, जिसकी वित्तीय जांच जारी है।
पुलिस के अनुसार, वर्ष 2026 में कमिश्नरेट प्रणाली लागू होने के बाद अब तक ऑनलाइन सट्टा मामलों में 11 प्रकरणों में 64 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है और लगभग 2.96 करोड़ रुपये की संपत्ति जब्त की गई है।
इस मामले में थाना गंज में अपराध दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस अब इस नेटवर्क के अंतरराज्यीय और संभावित अंतरराष्ट्रीय कनेक्शन की भी जांच कर रही है।

