Mahasamund News: स्कूल परिसर में रस्सी के झूले पर खेलते समय चौथी के छात्र की मौत, मुड़ी़डीह गांव में पसरा मातम

Mahasamund News: स्कूल परिसर में रस्सी के झूले पर खेलते समय चौथी के छात्र की मौत, मुड़ी़डीह गांव में पसरा मातम

Chhattisgarh Mahasamund News: महासमुंद। महासमुंद जिले के बसना विकासखंड के ग्राम पंचायत उड़ेला के आश्रित ग्राम मुड़ी़डीह में स्थित प्राथमिक स्कूल परिसर में दर्दनाक हादसा सामने आया है। यहां पेड़ पर बंधे रस्सी के झूले पर खेलते समय चौथी कक्षा के छात्र तरुण चौहान की मौत हो गई। घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है और परिजन का रो-रोकर बुरा हाल है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, बच्चे स्कूल खुलने से पहले ही परिसर में पहुंचकर खेलते थे। इसी दौरान तरुण रस्सी के झूले पर खेल रहा था, तभी वह उसमें फंस गया। घटना की जानकारी अन्य बच्चों ने स्कूल की रसोइया और परिजनों को दी। सूचना मिलते ही बच्चे की मां मौके पर पहुंचीं। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजे जाने की जानकारी सामने आई है। हालांकि, मौत के सटीक कारण और घटना की पूरी परिस्थितियों की आधिकारिक पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।

घटना के बाद ग्रामीणों ने स्कूल में बच्चों की सुरक्षा और निगरानी व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं। कुछ ग्रामीणों ने शिक्षकों की कथित लापरवाही की जांच की मांग की है। उनका कहना है कि बच्चे स्कूल खुलने से पहले ही परिसर में पहुंच जाते थे और उनके पास स्कूल की चाबी भी रहती थी। ऐसे में स्कूल खुलने से पहले बच्चों की निगरानी और परिसर में लगे रस्सी के झूले की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठ रहे हैं।

हालांकि, झूला किसने लगाया था और इस घटना में किसी स्तर पर लापरवाही हुई या नहीं, इसकी अभी पुष्टि नहीं हुई है। ग्रामीणों ने शिक्षा विभाग और प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कराने तथा वास्तविक स्थिति सामने लाने की मांग की है। उनका कहना है कि यदि जांच में लापरवाही सामने आती है, तो जिम्मेदार लोगों की जवाबदेही तय की जानी चाहिए।


Related Articles