Property Tax Payment Last Date: रायपुर। रायपुर नगर निगम में प्रॉपर्टी टैक्स जमा करने पर मिलने वाली अधिकतम 6.25 प्रतिशत की छूट का आज (30 जून) अंतिम दिन है। नगर निगम ने सभी करदाताओं से अपील की है कि वे समय सीमा समाप्त होने से पहले अपना संपत्तिकर जमा कर छूट का लाभ उठाएं।
छूट की अंतिम तिथि से एक दिन पहले नगर निगम ने विशेष राजस्व वसूली अभियान चलाया। निगम आयुक्त संबित मिश्रा के निर्देश पर सभी जोनों में चलाए गए अभियान के दौरान 1070 संपत्तियों से कुल 1 करोड़ 55 लाख 63 हजार 119 रुपए का संपत्तिकर वसूला गया।
नगर निगम ने सभी जोन कार्यालयों को व्यावसायिक संपत्तियों का सर्वे कर सही टैक्स निर्धारण सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए हैं, ताकि राजस्व संग्रह में बढ़ोतरी हो सके।
जोनवार वसूली इस प्रकार रही:
- जोन-3: 90 संपत्तियों से 10.98 लाख रुपए
- जोन-4: 90 संपत्तियों से 20.85 लाख रुपए
- जोन-5: 119 संपत्तियों से 15.03 लाख रुपए
- जोन-7: 64 संपत्तियों से 11.01 लाख रुपए
- जोन-8: 120 संपत्तियों से 18.96 लाख रुपए
- जोन-9: 196 संपत्तियों से 20.55 लाख रुपए
- जोन-10: 136 संपत्तियों से 12.06 लाख रुपए
इसके अलावा अन्य जोनों में भी राजस्व वसूली अभियान जारी रहा।
नगर निगम के अनुसार, वित्त वर्ष 2025-26 के देय संपत्तिकर की पूरी राशि 30 जून तक जमा करने वाले करदाताओं को अधिकतम 6.25 प्रतिशत की छूट दी जाएगी। निगम ने नागरिकों से अपील की है कि वे अंतिम दिन का लाभ उठाते हुए समय पर टैक्स जमा करें।

