Chhattsigarh Surajpur News: सूरजपुर। नगर पंचायत शिवनन्दनपुर में पहली बार हो रहे नगरीय निकाय चुनाव के बीच राजनीतिक माहौल पूरी तरह गरमा गया है। कांग्रेस जिला उपाध्यक्ष नरेंद्र जैन के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज होने के बाद कांग्रेस ने भाजपा सरकार और पुलिस प्रशासन के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। कांग्रेस ने इसे राजनीतिक द्वेष और चुनाव प्रभावित करने की साजिश बताते हुए बिश्रामपुर थाने के सामने अनिश्चितकालीन धरना शुरू कर दिया है।
रविवार को कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष दीपक बैज स्वयं बिश्रामपुर थाने पहुंचे और कार्यकर्ताओं के साथ थाने के मुख्य द्वार के सामने धरने पर बैठ गए। कड़ी धूप के बीच कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने भाजपा सरकार एवं पुलिस प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। कांग्रेस ने चेतावनी दी है कि यदि निष्पक्ष कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन और तेज किया जाएगा। मंगलवार को पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के भी धरने में शामिल होने की घोषणा की गई है।
धरना स्थल से प्रदेशाध्यक्ष दीपक बैज ने आरोप लगाया कि शिवनन्दनपुर चुनाव में कांग्रेस की मजबूत स्थिति और भाजपा की संभावित हार से भाजपा घबराई हुई है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेता नरेंद्र जैन चुनाव संचालन और प्रचार में अहम भूमिका निभा रहे थे, इसलिए उन्हें चुनाव प्रचार से दूर करने के उद्देश्य से झूठा मामला दर्ज कराया गया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस इस पूरे मामले की शिकायत चुनाव आयोग से भी करेगी।
कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि पुलिस प्रशासन सत्ता के दबाव में काम कर रहा है और भाजपा नेताओं के इशारे पर कार्रवाई की जा रही है। धरना प्रदर्शन में रेडक्रॉस सोसायटी सरगुजा के सभापति आदितेश्वर शरण सिंहदेव, पूर्व मंत्री डॉ. प्रेमसाय सिंह टेकाम, पूर्व संसदीय सचिव पारसनाथ राजवाड़े, पूर्व चेयरमैन शफी अहमद, पूर्व चेयरमैन भानुप्रताप सिंह, जिलाध्यक्ष शशि सिंह सहित बड़ी संख्या में कांग्रेसजन मौजूद रहे।
कांग्रेस नेताओं का कहना है कि नगर पंचायत चुनाव में कांग्रेस प्रत्याशियों की मजबूत स्थिति से भाजपा बौखलाई हुई है। उनका आरोप है कि टिकट वितरण के बाद भाजपा में अंदरूनी असंतोष बढ़ा है, जबकि कांग्रेस एकजुट दिखाई दे रही है। इसी कारण सत्ता का दुरुपयोग कर कांग्रेस नेताओं को निशाना बनाया जा रहा है।
कांग्रेस नेताओं के अनुसार शनिवार रात भाजपा कार्यकर्ता मित्तल पांडेय कांग्रेस जिला उपाध्यक्ष नरेंद्र जैन के निवास पहुंचे और उन्हें उकसाने का प्रयास किया। इसके बाद रविवार रात करीब 8 बजे नरेंद्र जैन अपने व्यवसायिक प्रतिष्ठान के सामने लोगों से कांग्रेस प्रत्याशियों के पक्ष में मतदान की अपील कर रहे थे। इसी दौरान मित्तल पांडेय अपने एक साथी के साथ वहां पहुंचे और चुनावी बहस के दौरान विवाद की स्थिति बन गई।
भाजपा जिलाध्यक्ष मुरली सोनी की शिकायत पर बिश्रामपुर थाने में नरेंद्र जैन के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया। रिपोर्ट में आरोप लगाया गया कि नरेंद्र जैन ने मित्तल पांडेय पर कटार अड़ा दी थी। कांग्रेस नेताओं ने इस आरोप को पूरी तरह झूठा बताते हुए कहा कि घटना स्थल के सामने स्थित हनुमान मंदिर में उस समय भारी भीड़ मौजूद थी तथा आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में भी ऐसी कोई घटना दिखाई नहीं दे रही है। कांग्रेस ने बिना सीसीटीवी जांच किए गंभीर धाराएं लगाने पर सवाल उठाए हैं।
तीन सूत्रीय मांग को लेकर आंदोलन तेज
कांग्रेस ने प्रशासन के सामने तीन प्रमुख मांगें रखी हैं—
- नरेंद्र जैन पर दर्ज आर्म्स एक्ट की धारा हटाई जाए।
- नरेंद्र जैन की पत्नी की शिकायत पर भी मामला दर्ज किया जाए।
- झूठा मामला दर्ज करने वाले बिश्रामपुर थाना प्रभारी को तत्काल निलंबित किया जाए।
धरना प्रदर्शन को लगातार जारी रखने की जिम्मेदारी कांग्रेस प्रभारी महामंत्री मलकीत सिंह गेदू द्वारा सात वरिष्ठ नेताओं को सौंपी गई है। धरना स्थल पर बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता एवं स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।

