Patan News: सोशल मीडिया स्टेटस लगाने पर युवक को मिली जान से मारने की धमकी, एसपी से शिकायत के बाद पुलिस ने दर्ज की FIR

Patan News: सोशल मीडिया स्टेटस लगाने पर युवक को मिली जान से मारने की धमकी, एसपी से शिकायत के बाद पुलिस ने दर्ज की FIR

Chhattisgarh Patan News: पाटन। अखबार में प्रकाशित एक खबर को मोबाइल स्टेटस पर लगाने के बाद ग्राम रूही निवासी परमेश्वर सिंगौर को कथित तौर पर फोन कर जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। पीड़ित ने पहले पाटन थाना प्रभारी और बाद में एसपी दुर्ग से शिकायत कर कार्रवाई की मांग की थी। एसपी से शिकायत के बाद पाटन थाना पुलिस सक्रिय हुई और अनिल चंद्राकर के खिलाफ अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

शिकायत के अनुसार, 3 सितंबर 2026 को एक खबर प्रकाशित हुई थी, जिसे परमेश्वर सिंगौर ने अपने मोबाइल स्टेटस पर लगाया था। शिकायतकर्ता का कहना है कि खबर में मौजूद किसी भी व्यक्ति को वह व्यक्तिगत रूप से नहीं जानता है और न ही उसका किसी से कोई व्यक्तिगत विवाद है।

परमेश्वर सिंगौर के मुताबिक, 4 सितंबर को दोपहर करीब 1:40 बजे उनके मोबाइल नंबर पर एक अन्य नंबर से फोन आया। फोन करने वाले ने अपना नाम अनिल चंद्राकर बताया और स्टेटस लगाने को लेकर कथित तौर पर गाली-गलौज करते हुए मारपीट की धमकी दी। शिकायतकर्ता का आरोप है कि फोन करने वाले ने उसे मारते-मारते थाने ले जाने की धमकी भी दी।

शिकायत में बताया गया है कि इसी दिन रात करीब 3:10 बजे उनके गांव के हितेंद्र पटेल ने फोन कर जानकारी दी कि अनिल चंद्राकर गांव आया है और उन्हें बुला रहा है। साथ ही कथित तौर पर जान से मारकर खत्म करने की धमकी दिए जाने की बात भी सामने आई। इसके बाद भयभीत परमेश्वर सिंगौर ने गांव छोड़ दिया और अपनी जान-माल को खतरा बताया।

शिकायतकर्ता ने पुलिस को यह भी स्पष्ट किया है कि जिस ईडी मामले का खबर में उल्लेख किया गया था, उससे उनका कोई संबंध नहीं है। उन्होंने कहा कि वह उस मामले में न तो गवाह हैं और न ही उनका उससे किसी प्रकार का सरोकार है।

परमेश्वर सिंगौर ने पाटन थाना पुलिस से कथित फोन कॉल, गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी के मामले की जांच कर उचित कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है। दस्तावेज में पुलिस द्वारा धारा 351(4) बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध किए जाने का उल्लेख है। मामले में पुलिस द्वारा आगे की जांच की जा रही है।


Related Articles