Gariaband News : पर्यटन स्थल पर हादसे के बाद सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल, जोखिम भरे स्टंट भी आए सामने

Gariaband News : पर्यटन स्थल पर हादसे के बाद सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल, जोखिम भरे स्टंट भी आए सामने

Chhattisgarh Gariaband News : गरियाबंद। जिले के प्रसिद्ध गजपल्ला वॉटरफॉल में आज बड़ा हादसा हो गया। रायपुर से पिकनिक मनाने पहुंचे एक युवक की नहाने के दौरान गहरे पानी में डूबने से मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही जिला प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और युवक की तलाश के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया। हादसे के बाद वॉटरफॉल क्षेत्र में मौजूद पर्यटकों के बीच हड़कंप मच गया।

बताया जा रहा है कि युवक रायपुर से अपने पांच दोस्तों के साथ पिकनिक मनाने गजपल्ला वॉटरफॉल पहुंचा था। नहाने के दौरान वह अचानक गहरे पानी में चला गया और डूब गया। घटना के बाद उसके साथियों ने तत्काल प्रशासन को इसकी सूचना दी। जानकारी मिलते ही रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची और युवक को पानी से बाहर निकालने के लिए तलाश शुरू की गई। जिला प्रशासन की टीम भी मौके पर मौजूद रहकर पूरे घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए है।

इधर, हादसे के बीच गजपल्ला वॉटरफॉल में पर्यटकों की लापरवाही भी सामने आई है। वॉटरफॉल क्षेत्र में कुछ युवक जोखिम भरे स्टंट करते नजर आए। बताया जा रहा है कि प्राकृतिक पर्यटन स्थल पर इस तरह के जानलेवा स्टंट बेरोकटोक किए जा रहे हैं, जिससे किसी बड़े हादसे का खतरा बना रहता है।

युवक के डूबने की घटना ने एक बार फिर प्राकृतिक पर्यटन स्थलों पर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। ऐसे स्थानों पर सुरक्षा इंतजाम, चेतावनी बोर्ड और निगरानी व्यवस्था को मजबूत करने की जरूरत महसूस की जा रही है। फिलहाल रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है और प्रशासन की टीम हादसे से जुड़े अन्य तथ्यों की जानकारी जुटा रही है।


Related Articles