Dhamtari News: धमतरी में स्टेट वर्किंग जर्नलिस्ट यूनियन का संगठन विस्तार, पत्रकार हितों और अधिकारों पर हुई अहम बैठक

Dhamtari News: धमतरी में स्टेट वर्किंग जर्नलिस्ट यूनियन का संगठन विस्तार, पत्रकार हितों और अधिकारों पर हुई अहम बैठक

Chhattisgarh Dhamtari News: धमतरी। स्टेट वर्किंग जर्नलिस्ट यूनियन के संगठन विस्तार अभियान के तहत धमतरी में जिला स्तरीय बैठक आयोजित की गई। लगातार बारिश के बावजूद बड़ी संख्या में पत्रकारों की मौजूदगी ने संगठन के प्रति बढ़ते विश्वास और एकजुटता का परिचय दिया। बैठक में पत्रकारों के हित, उनके अधिकार, कानूनी सुरक्षा और संगठन की कार्यप्रणाली पर विस्तृत चर्चा की गई।

बैठक को संबोधित करते हुए यूनियन के प्रदेश अध्यक्ष पी.सी. रथ ने पत्रकारों से संगठन से जुड़ने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि संगठित होकर ही पत्रकार अपने अधिकारों की प्रभावी लड़ाई लड़ सकते हैं। उन्होंने पत्रकार हितों की रक्षा में संगठन की भूमिका और विभिन्न अधिकारों की जानकारी भी साझा की।

आईजेयू (IJU) के नेशनल एग्जीक्यूटिव कमेटी (NEC) सदस्य दिलीप साहू एवं विनीता मंडल हलदार ने पत्रकारों की शंकाओं का समाधान करते हुए उनके कानूनी अधिकारों, सुरक्षा संबंधी प्रावधानों तथा आईजेयू की कार्यप्रणाली और सदस्यता से मिलने वाले लाभों की जानकारी दी।

कार्यक्रम की अध्यक्षता वरिष्ठ पत्रकार एवं स्टेट वर्किंग जर्नलिस्ट यूनियन की राज्य कार्यकारिणी के सदस्य मोहम्मद शाह ने की। उन्होंने पत्रकारों से नियमित बैठकें आयोजित करने और संगठनात्मक एकजुटता बनाए रखने पर जोर देते हुए कहा कि अधिकांश समस्याओं का समाधान सामूहिक प्रयासों से ही संभव है। उन्होंने अपने धमतरी प्रेस क्लब अध्यक्ष कार्यकाल के दौरान पत्रकारों के लिए कराए गए दुर्घटना बीमा का उल्लेख करते हुए युवा पत्रकारों को भी इसके प्रति जागरूक रहने की सलाह दी।

बैठक में यूनियन के कोषाध्यक्ष शुभम वर्मा सहित मीनल शर्मा, सुजाता, शिवानी, लविंदर, शिवशंकर पांडेय (सोनू), हरिमोहन तिवारी, अमित बाघ, शमशाद खान, मयंक केसरवानी, पूनम शुक्ला, दुर्गेश साहू, प्रतीक पटनायक, शिवानी दस्ती, मिथिलेश पटेल समेत बड़ी संख्या में पत्रकार उपस्थित रहे।

बैठक के सफल आयोजन में जितेंद्र साहू की विशेष भूमिका रही। लगातार बारिश के बावजूद उन्होंने कार्यक्रम की व्यवस्थाओं को सुचारू रूप से संभाला और अधिक से अधिक पत्रकारों को बैठक में शामिल होने के लिए प्रेरित किया।

कार्यक्रम के अंत में संगठन की ओर से सभी उपस्थित पत्रकारों का आभार व्यक्त किया गया। प्रदेश अध्यक्ष पी.सी. रथ सहित पदाधिकारियों ने विश्वास जताया कि संगठन के विस्तार से पत्रकारों के अधिकारों की लड़ाई को और मजबूती मिलेगी तथा भविष्य में भी पत्रकार हितों के लिए लगातार प्रयास जारी रहेंगे।


Related Articles