Chhattisgarh Korba News: कोरबा: जिले के जेंजरा स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती नवप्रसूता सोमवार शाम अचानक लापता हो गई। स्वजन और अस्पताल प्रबंधन की ओर से उसकी तलाश की जा रही थी। मंगलवार दोपहर अस्पताल से करीब 150 मीटर दूर एक निजी बाड़ी में उसका शव मिला। महिला की पहचान कांता केंवट के रूप में हुई है। वह करीब छह दिन पहले ही बच्चे को जन्म देने के बाद अस्पताल में भर्ती हुई थी।
बच्चे की हालत गंभीर होने से परेशान थी महिला
बताया गया कि कटघोरा थाना क्षेत्र की कांता केंवट को प्रसव के लिए जेंजरा स्थित निजी जीवांश अस्पताल में भर्ती कराया गया था। करीब छह दिन पहले उसने बच्चे को जन्म दिया था। जन्म के बाद शिशु की हालत गंभीर होने पर उसे अस्पताल के गहन चिकित्सा कक्ष में रखा गया था।
इसी बीच 14 सितंबर की शाम करीब सात बजे कांता बिना किसी को बताए अस्पताल से बाहर चली गई। काफी देर तक वापस नहीं लौटने पर स्वजन और अस्पताल कर्मियों ने उसकी तलाश शुरू की। परिजनों ने महिला की तस्वीर के साथ सूचना प्रसारित कर लोगों से भी तलाश में मदद की अपील की थी।
अस्पताल के पीछे बाड़ी में मिला शव
मंगलवार दोपहर अस्पताल के पिछले हिस्से से कुछ दूरी पर स्थित एक निजी बाड़ी में महिला का शव मिलने की सूचना मिली। शव झाड़ियों के बीच मिला। मौके पर पहुंचे स्वजन ने उसकी पहचान कांता केंवट के रूप में की।
सूचना मिलने के बाद कटघोरा पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद स्पष्ट होगी मौत की वजह
पुलिस के अनुसार महिला की मौत की वास्तविक वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद स्पष्ट हो सकेगी। फिलहाल पुलिस मामले से जुड़े सभी संभावित पहलुओं की जांच कर रही है।
महिला अस्पताल से किन परिस्थितियों में बाहर निकली और इसके बाद उसके साथ क्या हुआ, इसकी जानकारी जांच के बाद सामने आएगी। पुलिस अस्पताल परिसर और आसपास के क्षेत्र में उपलब्ध जानकारी के आधार पर घटनाक्रम की कड़ियां जोड़ने में जुटी है।

