नंदिनी रोड हादसा: छात्रा की मौत के मामले में फरार ट्रक चालक गिरफ्तार, नशे में चला रहा था वाहन

नंदिनी रोड हादसा: छात्रा की मौत के मामले में फरार ट्रक चालक गिरफ्तार, नशे में चला रहा था वाहन

Chhattisgarh Durg News: दुर्ग: नंदिनी रोड पर हुए दर्दनाक सड़क हादसे के मामले में जामुल थाना पुलिस ने फरार ट्रक चालक को गिरफ्तार कर लिया है। हादसे में एक स्कूली छात्रा की मौत हो गई थी, जबकि उसकी दो सहेलियां गंभीर रूप से घायल हो गई थीं।

पुलिस के अनुसार, 3 मई की दोपहर तीन नाबालिग छात्राएं एक्टिवा से जामुल से एसीसी चौक की ओर जा रही थीं। रास्ते में वे किताब छोड़ने और जूस पीने के बाद अपनी एक सहेली को घर छोड़ने निकल रही थीं। इसी दौरान नंदिनी रोड पर तेज रफ्तार ट्रक (क्रमांक CG 07 CA 9607) ने उनकी स्कूटी को जोरदार टक्कर मार दी।

टक्कर इतनी भीषण थी कि तीनों छात्राएं सड़क पर गिर गईं। हादसे में 17 वर्षीय छात्रा की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि अन्य दो छात्राएं गंभीर रूप से घायल हो गईं। स्थानीय लोगों की सूचना पर पुलिस और एंबुलेंस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया।

जांच में सामने आया कि ट्रक चालक शराब के नशे में वाहन चला रहा था। परिजनों की शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू की।

आरोपी की पहचान छावनी निवासी राकेश कुमार पाण्डेय (34) के रूप में हुई है। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में केंद्रीय जेल दुर्ग भेज दिया गया है।


Related Articles