MP Weather News: मध्य प्रदेश में मानसून मेहरबान, 35 से ज्यादा जिलों में झमाझम बारिश; कई इलाकों में ऑरेंज अलर्ट

MP Weather News: मध्य प्रदेश में मानसून मेहरबान, 35 से ज्यादा जिलों में झमाझम बारिश; कई इलाकों में ऑरेंज अलर्ट

MP Weather News: भोपाल। मध्य प्रदेश में जुलाई की शुरुआत के साथ ही मानसून पूरी तरह सक्रिय हो गया है। बीते 24 घंटों में प्रदेश के 35 से अधिक जिलों में अच्छी बारिश दर्ज की गई, जिससे मौसम सुहावना हो गया है, लेकिन कई इलाकों में जनजीवन भी प्रभावित हुआ है। लगातार छह दिनों से हो रही बारिश के चलते प्रदेश की औसत वर्षा करीब 7 इंच तक पहुंच गई है। जून के अंत तक जहां बारिश सामान्य से 33 प्रतिशत कम थी, वहीं अब यह अंतर घटकर सिर्फ 1 प्रतिशत रह गया है।

मौसम विभाग के अनुसार खजुराहो और मंडला में सबसे अधिक 4.2-4.2 इंच बारिश दर्ज की गई। इसके अलावा सतना, रतलाम, सीधी, उमरिया, पन्ना, पचमढ़ी, रीवा, श्योपुर, नौगांव, भोपाल, नरसिंहपुर, दमोह, टीकमगढ़, बैतूल, नर्मदापुरम, इंदौर, सिवनी, सागर, शिवपुरी, बालाघाट, छिंदवाड़ा, रायसेन, धार, जबलपुर, गुना, उज्जैन, खंडवा, खरगोन, दतिया, मैहर, शाजापुर, सीहोर, छतरपुर, बुरहानपुर, बड़वानी और पांढुर्णा समेत कई जिलों में अच्छी बारिश हुई।

बारिश के कारण कई स्थानों पर जनजीवन प्रभावित हुआ। बड़वानी जिले के सेंधवा स्थित सांदीपनि (सीएम राइज) स्कूल में कक्षा 9 की छत का प्लास्टर गिरने से दो छात्राएं घायल हो गईं। दोनों को सिर में मामूली चोट आई, जिनका सिविल अस्पताल में उपचार कराया गया।

वहीं इंदौर के पास खुड़ैल रोड स्थित जेतकारण गांव में सड़क धंस जाने से स्कूली बच्चों का स्कूल पहुंचना मुश्किल हो गया। उफनते नाले को पार कराने के लिए ग्रामीणों ने मानव शृंखला बनाकर बच्चों को सुरक्षित दूसरी ओर पहुंचाया। इस घटना का वीडियो भी सामने आया है।

मौसम विभाग ने मंगलवार को गुना, अशोकनगर, विदिशा, सागर और छतरपुर जिलों के लिए अति भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इसके अलावा बड़वानी, धार, बुरहानपुर, रतलाम, टीकमगढ़, पन्ना सहित कई जिलों में भारी बारिश, गरज-चमक और बिजली गिरने की संभावना जताई गई है।

लगातार हो रही बारिश को देखते हुए प्रशासन ने लोगों से नदी-नालों, जलभराव वाले क्षेत्रों और तेज बहाव वाले स्थानों से दूर रहने तथा मौसम विभाग की चेतावनियों का पालन करने की अपील की है।


Related Articles