सुशासन तिहार में सांसद बृजमोहन अग्रवाल का सख्त रुख, रेंजर की गैरहाजिरी पर सस्पेंशन के निर्देश, 7 दिन में शिकायतों के निराकरण का अल्टीमेटम

सुशासन तिहार में सांसद बृजमोहन अग्रवाल का सख्त रुख, रेंजर की गैरहाजिरी पर सस्पेंशन के निर्देश, 7 दिन में शिकायतों के निराकरण का अल्टीमेटम

Chhattisgarh Raipur News: रायपुर। राजधानी रायपुर के गोबरा नवापारा में आयोजित सुशासन तिहार शिविर में सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने अधिकारियों की लापरवाही पर कड़ा रुख अपनाया। शिविर के दौरान शिकायत मिलने पर उन्होंने वन विभाग के रेंजर को निलंबित करने के निर्देश दिए और जिला प्रशासन को तत्काल कार्रवाई करने को कहा।

मामला कुलेश्वर महादेव शासकीय महाविद्यालय की बाउंड्री वॉल निर्माण से जुड़ा था, जहां वन विभाग की आपत्ति के कारण कार्य प्रभावित हो रहा था। जब इस विषय पर चर्चा हुई तो पता चला कि संबंधित रेंजर शिविर में उपस्थित नहीं है। इस पर सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने नाराजगी जताते हुए कहा कि जनता की समस्याएं सुनने और उनका समाधान करने के लिए सभी विभागों के अधिकारियों की मौजूदगी जरूरी है। उन्होंने रेंजर को कारण बताओ नोटिस जारी कर निलंबित करने के निर्देश दिए।

7 दिन में शिकायतों के निराकरण के निर्देश

सुशासन तिहार शिविर में विभिन्न विभागों से संबंधित कई आवेदन और शिकायतें सामने आईं। सांसद ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि शिविर में प्राप्त सभी आवेदनों का निराकरण सात दिनों के भीतर किया जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि तय समय सीमा में कार्य पूरा नहीं होने पर संबंधित अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

स्कूल की जमीन पर अतिक्रमण का मामला भी उठा

शिविर के दौरान हरिहर हाई स्कूल की जमीन पर अतिक्रमण और नवापारा उच्चतर माध्यमिक विद्यालय की आरक्षित भूमि से जुड़े मामले भी सामने आए। इस पर सांसद ने तत्काल पटवारी, राजस्व निरीक्षक (आरआई) और तहसीलदार को मंच पर बुलाया और लंबित भूमि विवादों का शीघ्र समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

विकास कार्यों के लिए करोड़ों की सौगात

कार्यक्रम के दौरान सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने क्षेत्र के विकास के लिए कई महत्वपूर्ण घोषणाएं भी कीं। उन्होंने नवापारा नगर पालिका के नए भवन निर्माण के लिए 2 करोड़ रुपये, शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में अतिरिक्त कक्ष निर्माण के लिए 10 लाख रुपये तथा महावीर बजरंग अखाड़ा के लिए 5 लाख रुपये की स्वीकृति देने की घोषणा की।

पहले भी दिखा चुके हैं सख्ती

यह पहला अवसर नहीं है जब सुशासन तिहार के दौरान सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने अधिकारियों की कार्यप्रणाली पर नाराजगी जताई हो। इससे पहले भी विभिन्न स्थानों पर आयोजित शिविरों में वे लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों को फटकार लगा चुके हैं और जनता की समस्याओं के त्वरित समाधान पर जोर देते रहे हैं।

सुशासन तिहार शिविर में सांसद के इस सख्त रुख को लेकर क्षेत्र में चर्चा बनी हुई है और लोगों ने शिकायतों के त्वरित समाधान की उम्मीद जताई है।


Related Articles