Chhattigarh Weather Alert: आज से बदलेगा मौसम, तेज आंधी-बारिश के आसार, बिजली गिरने से 3 महिलाओं की मौत

Chhattigarh Weather Alert: आज से बदलेगा मौसम, तेज आंधी-बारिश के आसार, बिजली गिरने से 3 महिलाओं की मौत

Chhattigarh Weather Alert: रायपुर। छत्तीसगढ़ में भीषण गर्मी के बीच मौसम ने करवट लेना शुरू कर दिया है। मौसम विभाग ने 4 जून से प्रदेशभर में गरज-चमक, तेज हवाओं और बारिश की गतिविधियों में बढ़ोतरी की संभावना जताई है। कई जिलों में 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं, जिससे लोगों को गर्मी से कुछ राहत मिलने की उम्मीद है।

मौसम विभाग के अनुसार अगले पांच दिनों तक प्रदेश के अधिकतम तापमान में कोई बड़ा बदलाव होने की संभावना नहीं है। पिछले 24 घंटों के दौरान भी तापमान में विशेष परिवर्तन दर्ज नहीं किया गया। राजनांदगांव प्रदेश का सबसे गर्म जिला रहा, जहां अधिकतम तापमान 42 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जबकि पेंड्रा रोड में न्यूनतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ।

बिजली गिरने से 3 महिलाओं की मौत, कई घायल

प्रदेश में मौसम के बदलते मिजाज के बीच आकाशीय बिजली गिरने की घटनाएं भी सामने आई हैं। पिछले 24 घंटों में बिजली गिरने से तीन महिलाओं की मौत हो गई। दंतेवाड़ा जिले में 12 ग्रामीण आकाशीय बिजली की चपेट में आए। वहीं बीजापुर और मनेंद्रगढ़ में भी खेतों और खुले क्षेत्रों में काम कर रही महिलाएं बिजली गिरने से प्रभावित हुईं।

उत्तर छत्तीसगढ़ में बारिश और तेज हवाओं का असर

उत्तर छत्तीसगढ़ के कई इलाकों में गरज-चमक के साथ तेज हवाएं चलीं और हल्की बारिश दर्ज की गई। प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश होने से मौसम सुहावना बना रहा।

इन जिलों में दर्ज हुई बारिश

पिछले 24 घंटों के दौरान दंतेवाड़ा जिले के कुआकोंडा में सबसे अधिक 30 मिलीमीटर वर्षा रिकॉर्ड की गई। कोरबा और पेंड्रा रोड में 20-20 मिलीमीटर बारिश दर्ज हुई।

इसके अलावा मुंगेली के पथरिया, सरगुजा के मैनपाट, जशपुर के कांसाबेल, कोरबा के कटघोरा और भैसमा, पेंड्रा तथा सूरजपुर में 10-10 मिलीमीटर वर्षा रिकॉर्ड की गई।

रायपुर में बादल, आंधी और बारिश के संकेत

राजधानी रायपुर में आज दिनभर बादल छाए रहने की संभावना है। मौसम विभाग ने गरज-चमक, धूलभरी आंधी और बारिश की संभावना जताई है। शहर का अधिकतम तापमान 41 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।

मौसम विभाग की सलाह

मौसम विभाग ने नागरिकों से खराब मौसम के दौरान विशेष सावधानी बरतने की अपील की है। लोगों को खुले मैदान, ऊंचे पेड़ों और बिजली के खंभों के पास खड़े न रहने की सलाह दी गई है। किसानों, मजदूरों और खुले में कार्य करने वाले लोगों को मौसम की ताजा जानकारी पर नजर रखने और खराब मौसम के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी गई है।

मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि आने वाले दिनों में प्रदेश के कई हिस्सों में प्री-मानसून गतिविधियां और तेज हो सकती हैं, जिससे गर्मी से राहत मिलने की संभावना है।


Related Articles