Morena Deputy Collector Arrested: मुरैना। मुरैना जिला मुख्यालय में पदस्थ डिप्टी कलेक्टर अरविंद माहौर को एक युवती की शिकायत पर दुष्कर्म के आरोप में पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। युवती ने आरोप लगाया है कि डिप्टी कलेक्टर ने शादी का झांसा देकर लंबे समय तक उसका शारीरिक शोषण किया और बाद में शादी से इनकार कर दिया। शिकायत के आधार पर सिविल लाइन थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी अधिकारी को हिरासत में लिया।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 69, 351(1), 351(3) और 225 के तहत प्रकरण दर्ज किया है। गुरुवार को मेडिकल परीक्षण के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया जाएगा।
फेसबुक पर हुई दोस्ती, फिर बढ़ी नजदीकियां
सिविल लाइन थाना पुलिस के अनुसार, पीड़िता ने 3 जून की रात शिकायत दर्ज कराई। शिकायत में बताया गया कि उसकी पहचान डिप्टी कलेक्टर अरविंद माहौर से फेसबुक के माध्यम से हुई थी। इसके बाद दोनों के बीच नियमित बातचीत शुरू हुई और माहौर ने उसे शादी का प्रस्ताव दिया।
युवती का कहना है कि शादी का भरोसा मिलने के बाद वह संबंध को लेकर गंभीर हो गई थी और इसी विश्वास का फायदा उठाकर आरोपी ने उसका शोषण किया।
कार, रेस्ट हाउस और फ्लैट में शोषण का आरोप
पीड़िता के अनुसार, 30 मार्च 2025 को आरोपी उसे घर के पास से कार में बैठाकर मुरैना के एक रेस्ट हाउस ले गया, जहां उसकी इच्छा के विरुद्ध शारीरिक संबंध बनाए गए।
शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि बाद में आरोपी उसे सबलगढ़ स्थित सरकारी आवास और ग्वालियर के एक फ्लैट पर भी ले गया, जहां कई बार शारीरिक संबंध बनाए गए। युवती का दावा है कि यह सिलसिला 30 मार्च 2025 से 3 जून 2026 तक चलता रहा।
शादी से इनकार और धमकी का आरोप
युवती ने पुलिस को बताया कि जब उसने शादी की बात की तो आरोपी ने इससे इनकार करना शुरू कर दिया। साथ ही शिकायत करने पर परिवार को नुकसान पहुंचाने और गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी भी दी गई।
इन आरोपों के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की और देर रात डिप्टी कलेक्टर को गिरफ्तार कर लिया।
थाने में मोबाइल चलाते नजर आए अधिकारी
गिरफ्तारी के बाद आरोपी डिप्टी कलेक्टर का एक वीडियो भी चर्चा में है, जिसमें वे थाने परिसर में टहलते हुए मोबाइल फोन का उपयोग करते दिखाई दे रहे हैं। हालांकि पुलिस का कहना है कि कानूनी प्रक्रिया के तहत आगे की कार्रवाई की जा रही है।
पहले भी विवादों में रह चुके हैं माहौर
अरविंद माहौर का नाम इससे पहले भी कई विवादों में सामने आ चुका है। वर्ष 2025 में एक छात्रा से रात में फोन पर बात करने का दबाव बनाने के आरोप लगे थे। इस मामले में पीड़ित परिवार ने जनसुनवाई में शिकायत भी की थी।
इसके बाद महिलाओं के प्रति कथित गलत व्यवहार और बदसलूकी के आरोपों को लेकर 19 सितंबर 2025 को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने चंबल संभाग के कमिश्नर को उनके निलंबन के निर्देश दिए थे।
थप्पड़ कांड से भी बटोर चुके हैं सुर्खियां
डिप्टी कलेक्टर अरविंद माहौर पहले भी अपने व्यवहार को लेकर विवादों में रहे हैं। वर्ष 2025 में एक निजी होटल में पार्किंग विवाद के दौरान सुरक्षा गार्ड को थप्पड़ मारने का वीडियो सामने आया था, जो सोशल मीडिया पर काफी वायरल हुआ था।
इसके अलावा सबलगढ़ में एसडीएम रहते हुए जनसुनवाई के दौरान एक ग्रामीण के साथ कथित बदसलूकी और थप्पड़ मारने का वीडियो भी चर्चा में रहा था।
पुलिस कर रही मामले की जांच
सिविल लाइन थाना प्रभारी उदय भान यादव ने बताया कि युवती की शिकायत और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर मामला दर्ज कर आरोपी अधिकारी को गिरफ्तार किया गया है। मामले की जांच जारी है और आगे की कार्रवाई न्यायालय के निर्देशों के अनुसार की जाएगी।
फिलहाल पूरे मामले ने प्रशासनिक गलियारों में हलचल मचा दी है और एक वरिष्ठ अधिकारी की गिरफ्तारी को लेकर चर्चाओं का दौर जारी है।

