Chhattisgarh Manpur News: मानपुर। सरकार की महत्वाकांक्षी जल जीवन मिशन योजना मोहला-मानपुर जिले के मानपुर विकासखंड स्थित पिट्टेमेटा गांव में दम तोड़ती नजर आ रही है। हर घर तक शुद्ध पेयजल पहुंचाने के दावे यहां पूरी तरह फेल साबित हो रहे हैं। गांव में करोड़ों की लागत से बनी पानी की टंकी पिछले करीब दो साल से बेकार पड़ी है, जबकि ग्रामीण बरसात के मौसम में भी नदी में झरिया बनाकर प्यास बुझाने को मजबूर हैं।
जानकारी के मुताबिक, जल जीवन मिशन के तहत गांव में पानी की टंकी और पाइपलाइन का निर्माण किया गया था, लेकिन योजना आज तक पूरी नहीं हो सकी। कई जगहों पर पाइपलाइन लीकेज होने से टंकी में पानी पहुंचना बंद हो गया है और घर-घर जलापूर्ति का सपना अधूरा रह गया है।
गांव में पहले से मौजूद सोलर सिस्टम आधारित पुरानी पेयजल व्यवस्था भी बदहाल है। टंकी में पर्याप्त पानी नहीं भरता और उससे जुड़े हैंडपंप में भी लीकेज होने के कारण नलों से बूंद-बूंद पानी निकलता है। ग्रामीणों को घंटों इंतजार के बाद भी पर्याप्त पानी नहीं मिल पाता।
स्थिति यह है कि कभी नक्सल प्रभावित रहा यह सीमावर्ती गांव अब प्रशासनिक उदासीनता का शिकार बन गया है। ग्रामीण मजबूरी में नदी के झरिया का पानी पीने को विवश हैं। ग्राम पटेल सहित ग्रामीण लगातार शासन-प्रशासन से पेयजल व्यवस्था दुरुस्त करने की मांग कर रहे हैं, लेकिन अब तक समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो सका है।
ग्रामीणों का कहना है कि यदि जल्द ही जल जीवन मिशन का अधूरा कार्य पूरा कर नियमित पेयजल आपूर्ति शुरू नहीं की गई, तो उन्हें मजबूर होकर आंदोलन का रास्ता अपनाना पड़ेगा। वहीं विभागीय अधिकारी कार्रवाई का भरोसा देकर जिम्मेदारी से बचते नजर आ रहे हैं।

