BJP में बड़ा संगठनात्मक फेरबदल, स्मृति ईरानी को छत्तीसगढ़ और हरियाणा का प्रभार; नितिन नबीन ने की नियुक्ति

BJP में बड़ा संगठनात्मक फेरबदल, स्मृति ईरानी को छत्तीसगढ़ और हरियाणा का प्रभार; नितिन नबीन ने की नियुक्ति

Smriti Irani in Charge of Chhattisgarh: नई दिल्ली: भारतीय जनता पार्टी ने राज्यों के प्रदेश प्रभारियों और सह-प्रभारियों की नई नियुक्तियों का ऐलान किया है। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन की ओर से जारी सूची के मुताबिक कई राज्यों में संगठनात्मक जिम्मेदारियों में बदलाव किया गया है।

छत्तीसगढ़ की जिम्मेदारी स्मृति ईरानी को

पूर्व केंद्रीय मंत्री और भाजपा की राष्ट्रीय महामंत्री स्मृति ईरानी को छत्तीसगढ़ का प्रदेश प्रभारी बनाया गया है। उन्हें हरियाणा का प्रभार भी सौंपा गया है। वहीं सिद्धार्थ शंभू को छत्तीसगढ़ का सह-प्रभारी बनाया गया है।

मध्यप्रदेश में बिप्लब कुमार देव प्रभारी

मध्यप्रदेश भाजपा की संगठनात्मक जिम्मेदारी अब बिप्लब कुमार देव को दी गई है। वहीं रेखा वर्मा को मध्यप्रदेश का सह-प्रभारी बनाया गया है। मध्यप्रदेश से जुड़े पूर्व मंत्री डॉ. अरविंद भदौरिया को भी बड़ी जिम्मेदारी मिली है। उन्हें आंध्र प्रदेश का प्रभारी नियुक्त किया गया है। वनथी श्रीनिवासन को आंध्र प्रदेश का सह-प्रभारी बनाया गया है।

उत्तर प्रदेश में विनोद तावड़े को जिम्मेदारी

भाजपा ने विनोद तावड़े को उत्तर प्रदेश का प्रदेश प्रभारी बनाया है। उनके साथ जगदीश पटेल, मेधा कुलकर्णी, प्रदीप वर्मा और अनंत ओझा को सह-प्रभारी की जिम्मेदारी दी गई है।

गुजरात और झारखंड में भी बदलाव

तरुण चुघ को गुजरात का प्रभारी बनाया गया है। गोमती साय और अजय महावर गुजरात के सह-प्रभारी होंगे। वहीं गजेन्द्र पटेल को झारखंड का प्रभारी और सौरभ सिंह को सह-प्रभारी बनाया गया है। पश्चिम बंगाल में लाल सिंह आर्य को सह-प्रभारी की जिम्मेदारी दी गई है।

ओडिशा का प्रभार डी. पुरंदेश्वरी को

भाजपा ने डी. पुरंदेश्वरी को ओडिशा का प्रदेश प्रभारी नियुक्त किया है। पार्टी की ओर से जारी नई सूची में विभिन्न राज्यों के लिए प्रभारी और सह-प्रभारियों की नियुक्तियां तत्काल प्रभाव से लागू की गई हैं।

प्रमुख नियुक्तियां एक नजर में

  • छत्तीसगढ़ प्रभारी — स्मृति ईरानी
  • छत्तीसगढ़ सह-प्रभारी — सिद्धार्थ शंभू
  • हरियाणा प्रभारी — स्मृति ईरानी
  • मध्यप्रदेश प्रभारी — बिप्लब कुमार देव
  • मध्यप्रदेश सह-प्रभारी — रेखा वर्मा
  • उत्तर प्रदेश प्रभारी — विनोद तावड़े
  • आंध्र प्रदेश प्रभारी — डॉ. अरविंद भदौरिया
  • गुजरात प्रभारी — तरुण चुघ
  • झारखंड प्रभारी — गजेन्द्र पटेल
  • ओडिशा प्रभारी — डी. पुरंदेश्वरी
  • पश्चिम बंगाल सह-प्रभारी — लाल सिंह आर्य

Related Articles