Chhattisgarh Balrampur News: बलरामपुर: सामरीपाठ थाना क्षेत्र के ग्राम सेरेनगदाग में करमा पूजा के बाद हुए विवाद ने गंभीर रूप ले लिया। विवाद के दौरान एक युवक पर टांगी से जानलेवा हमला किए जाने का मामला सामने आया है। घटना के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी उदय नगेसिया को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
करमा पूजा के अगले दिन हुआ विवाद
पुलिस के अनुसार, 22 सितंबर की रात ग्राम सेरेनगदाग के अखरा में करमा पूजा का आयोजन किया गया था। इसमें बड़ी संख्या में ग्रामीण शामिल हुए थे। अगले दिन सुबह करीब 9 बजे उदय नगेसिया का शीतल नगेसिया के साथ विवाद हो गया। मौके पर मौजूद लोगों ने शीतल नगेसिया को उसके घर पहुंचा दिया। इसके बाद उदय नगेसिया भी अपने घर चला गया।
टांगी लेकर पहुंचा आरोपी, युवक पर किया हमला
आरोप है कि कुछ देर बाद उदय नगेसिया अपने घर से टांगी लेकर आया और शीतल नगेसिया के पुत्र गेड़वा उर्फ भोटना नगेसिया पर हमला कर दिया। पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने जान से मारने की नीयत से उसकी पीठ पर टांगी से वार किया, जिससे उसे गंभीर चोट आई। इसके बाद पीठ पर दोबारा वार किए जाने का भी आरोप है। घटना के दौरान मौके पर मौजूद लोगों ने आरोपी को पकड़ लिया।
शिकायत पर दर्ज हुआ मामला
घटना को लेकर प्रार्थी सुनील कुमार की लिखित शिकायत पर सामरीपाठ थाने में अपराध क्रमांक 33/2026 के तहत धारा 109 बीएनएस में मामला दर्ज किया गया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू करते हुए आरोपी उदय नगेसिया, निवासी सेरेनगदाग, थाना सामरी, जिला बलरामपुर-रामानुजगंज को गिरफ्तार कर लिया।
आरोपी न्यायिक रिमांड पर भेजा गया
पुलिस ने आरोपी को न्यायिक रिमांड पर भेजने की कार्रवाई की है। इस पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी उप निरीक्षक विजय कुमार दुबे, सहायक उप निरीक्षक आनंद मसीह तिर्की, आरक्षक अजय कुमार, संजय पटेल एवं ओमकार रजक की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

