CG Durg News: दुर्ग। दुर्ग लोकसभा क्षेत्र के सांसद विजय बघेल के प्रयासों को बड़ी सफलता मिली है। ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों के LPG उपभोक्ताओं के लिए अब सिलेंडर रिफिल बुकिंग का अंतर समान कर दिया गया है। केंद्र सरकार के नए निर्णय के बाद देशभर में घरेलू LPG उपभोक्ता 25 दिन के अंतराल पर अगला सिलेंडर बुक करा सकेंगे। यह व्यवस्था तत्काल प्रभाव से लागू की गई है।
दरअसल, ग्रामीण क्षेत्रों में LPG सिलेंडर की रिफिल बुकिंग को लेकर लंबे समय से उपभोक्ताओं को परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। पहले शहरी क्षेत्रों में 25 दिन बाद, जबकि ग्रामीण क्षेत्रों में 45 दिन बाद अगला सिलेंडर बुक करने की व्यवस्था थी। सांसद विजय बघेल ने इस अंतर को समाप्त कर पूरे देश में एक समान 25 दिन की व्यवस्था लागू करने की मांग केंद्रीय पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्रालय के समक्ष उठाई थी।
10 अगस्त को सांसद से की गई थी समस्या के समाधान की मांग
जानकारी के अनुसार, 10 अगस्त 2026 को पूर्व जिला अध्यक्ष भाजपा भिलाई विरेन्द्र साहू और गैस एजेंसी संचालक सविता साहू ने मानसून सत्र के दौरान नई दिल्ली स्थित सांसद विजय बघेल के आवास पर मुलाकात कर LPG रिफिल बुकिंग से जुड़ी समस्या से अवगत कराया था। उन्होंने जनसुविधा को ध्यान में रखते हुए बुकिंग अवधि में अंतर खत्म करने का अनुरोध किया था।
ग्रामीण क्षेत्रों में LPG की उपलब्धता और उपभोक्ताओं की परेशानियों को देखते हुए सांसद विजय बघेल ने इस मुद्दे को गंभीरता से लिया। उन्होंने 10 अगस्त को केंद्रीय पेट्रोलियम मंत्री हरदीप सिंह पुरी को पत्र लिखकर ग्रामीण और शहरी उपभोक्ताओं के लिए समान बुकिंग अवधि लागू करने की मांग की। सांसद ने मंत्री से मुलाकात कर भी इस समस्या के जल्द समाधान का अनुरोध किया। मुलाकात के दौरान पेट्रोलियम मंत्री ने LPG आपूर्ति से जुड़ी मौजूदा चुनौतियों और अंतरराष्ट्रीय परिस्थितियों के कारण सामने आ रही दिक्कतों से सांसद को अवगत कराया। साथ ही इस मुद्दे को प्रधानमंत्री के समक्ष रखने और समाधान की दिशा में जल्द पहल का आश्वासन दिया गया।
संयुक्त सचिव से भी हुई थी टेलीफोनिक चर्चा
सांसद विजय बघेल ने 11 अगस्त 2026 को LPG विभाग की संयुक्त सचिव सुजाता से भी टेलीफोन पर चर्चा कर इस विषय को प्राथमिकता से लेने का अनुरोध किया। उन्होंने केंद्रीय पेट्रोलियम मंत्री के साथ हुई चर्चा की जानकारी देते हुए ग्रामीण उपभोक्ताओं की परेशानी और समान बुकिंग व्यवस्था की आवश्यकता से अवगत कराया। इसके बाद मंत्रालय स्तर पर भी इस मामले को गंभीरता से लेते हुए आगे की कार्रवाई की गई।
45 दिन की जगह अब 25 दिन में होगी बुकिंग
सांसद विजय बघेल के अनुसार, केंद्र सरकार ने अब ग्रामीण क्षेत्रों में LPG रिफिल बुकिंग का अंतर 45 दिन से घटाकर 25 दिन कर दिया है। यानी अब ग्रामीण और शहरी, दोनों क्षेत्रों के घरेलू LPG उपभोक्ता 25 दिन के अंतराल पर अगला सिलेंडर बुक करा सकेंगे। 7 सितंबर 2026 को पेट्रोलियम मंत्रालय ने तेल विपणन कंपनियों IOCL, BPCL और HPCL को ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में 25 दिन के समान LPG रिफिल बुकिंग अंतराल को तत्काल लागू करने के निर्देश दिए हैं।
ग्रामीण उपभोक्ताओं को मिलेगी सबसे बड़ी राहत
इस फैसले से देशभर के लाखों ग्रामीण LPG उपभोक्ताओं को राहत मिलने की उम्मीद है। खासतौर पर ग्रामीण परिवारों को अब अगला सिलेंडर बुक कराने के लिए 45 दिन का इंतजार नहीं करना पड़ेगा। सांसद विजय बघेल ने कहा कि LPG जैसी आवश्यक घरेलू सुविधा में ग्रामीण और शहरी उपभोक्ताओं के बीच बुकिंग अवधि का अंतर नहीं होना चाहिए। ग्रामीण परिवारों को भी समय पर रसोई गैस उपलब्ध होना उनकी आवश्यकता है। इसी भावना के साथ उन्होंने इस विषय को केंद्र सरकार के समक्ष उठाया था उन्होंने कहा कि जनता की समस्या को सरकार तक पहुंचाना और उसका समाधान कराना ही उनका संकल्प है।
केंद्र सरकार का जताया आभार
विजय बघेल ने इस निर्णय के लिए केंद्र सरकार का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार लगातार आम जनता की सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए निर्णय ले रही है। पूरे देश में LPG रिफिल बुकिंग की अवधि समान कर 25 दिन किया जाना उपभोक्ताओं के हित में महत्वपूर्ण कदम है।
उन्होंने कहा कि इस निर्णय से दुर्ग लोकसभा क्षेत्र सहित देशभर के LPG उपभोक्ताओं को सुविधा मिलेगी। जनहित से जुड़े मुद्दों को संसद और संबंधित मंत्रालयों के समक्ष उठाना और उनके समाधान के लिए लगातार प्रयास करना उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने प्रधानमंत्री, केंद्रीय पेट्रोलियम मंत्री और संबंधित अधिकारियों का भी आभार व्यक्त किया।

