Chhattisgarh Kawardha News: कवर्धा। कबीरधाम पुलिस ने फर्जी डिजिटल पेमेंट की रिसीविंग दिखाकर लोगों से नगद रकम ठगने के आरोप में जेम्स हालदार को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी के खिलाफ कबीरधाम जिले के अलग-अलग थाना और चौकी क्षेत्रों में कुल चार अपराध दर्ज हैं। पुलिस का कहना है कि आरोपी ने अब तक करीब 40 हजार रुपये की ठगी की है। इसके अलावा अन्य जिलों में भी उसके खिलाफ अपराध दर्ज होने की जानकारी सामने आई है।
मामला पिपरिया थाना क्षेत्र का है। 7 सितंबर 2026 को ग्राम परसवारा निवासी सूरज पटेल ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी कि मोटरसाइकिल से आए एक व्यक्ति ने अपना नाम जेम्स बताते हुए PhonePe के जरिए रकम ट्रांसफर करने के बदले नगद राशि देने की बात कही। आरोपी ने PhonePe स्कैनर स्कैन करने के बाद भुगतान की फर्जी रिसीविंग दिखाई। इसे वास्तविक मानकर शिकायतकर्ता ने आरोपी को 5 हजार रुपये नगद दे दिए। बाद में बैंक खाते की जांच करने पर पता चला कि खाते में रकम प्राप्त नहीं हुई थी।
शिकायत के बाद पुलिस अधीक्षक जितेंद्र कुमार यादव के निर्देशन में साइबर थाना और पिपरिया पुलिस की संयुक्त टीम गठित की गई। टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपी जेम्स हालदार निवासी दाढ़ी, जिला बेमेतरा को कवर्धा के सिग्नल चौक के पास गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में पुलिस के अनुसार आरोपी ने इंटरनेट के माध्यम से फर्जी डिजिटल पेमेंट और रिसीविंग तैयार करने का तरीका सीखने की बात स्वीकार की।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी के खिलाफ पिपरिया, सासपुर लोहारा और दशरंगपुर चौकी क्षेत्र में कुल चार मामले दर्ज हैं। इन मामलों में 5 हजार, 8 हजार, 20 हजार और 7 हजार रुपये की ठगी की शिकायतें शामिल हैं। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 5 हजार रुपये नगद, एक Vivo मोबाइल, एक iPhone और घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल जब्त की है। आरोपी को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
कबीरधाम पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि केवल PhonePe, Google Pay या किसी अन्य UPI की रिसीविंग देखकर भुगतान प्राप्त हुआ न मानें। सामान देने या नगद राशि सौंपने से पहले अपने मोबाइल में बैंक खाते का वास्तविक ट्रांजैक्शन अवश्य जांचें।

