Chhattisgarh Mahasamund News: महासमुंद। जिले के बागबाहरा वनपरिक्षेत्र के तमोरा जंगल में जंगली सूअर के शिकार की सूचना पर जांच के लिए पहुंची वन विभाग की टीम पर हमला करने और वनकर्मियों को कई घंटे तक बंधक बनाए रखने का मामला सामने आया है। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, करीब 40 से 50 महिला-पुरुषों ने वन अमले को घेर लिया और लाठी-डंडों से मारपीट की। घटना के बाद पुलिस और वन विभाग के अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर बंधक बनाए गए कर्मचारियों को बाहर निकाला।
घटना बीती रात तमोरा ग्राम के पास वनपरिक्षेत्र के कक्ष क्रमांक 95 और 96 में हुई। वन विभाग की टीम में रेंजर नवीन वर्मा, आमाकोनी के डिप्टी रेंजर नवीन शर्मा, वन रक्षक, वॉचर और अन्य कर्मचारियों समेत कुल 6 वनकर्मी शामिल थे। बताया गया कि टीम जंगली सूअर के शिकार की सूचना के बाद जंगल में निरीक्षण और जांच के लिए पहुंची थी।
वन विभाग के मुताबिक, इसी दौरान बड़ी संख्या में महिला-पुरुष मौके पर पहुंच गए और टीम को घेर लिया। आरोप है कि लोगों ने वनकर्मियों के साथ लाठी-डंडों से मारपीट की। रेंजर नवीन वर्मा, डिप्टी रेंजर नवीन शर्मा और चौकीदार राकेश ध्रुव समेत कुछ वनकर्मियों को करीब 6 घंटे तक जंगल में बंधक बनाए रखने का भी आरोप है। इस दौरान उनके साथ गाली-गलौज और मारपीट किए जाने की बात सामने आई है।
बंधक बनाए गए वन अधिकारियों ने किसी तरह मोबाइल फोन के जरिए वन विभाग के उच्च अधिकारियों और पुलिस को घटना की सूचना दी। जानकारी मिलने के बाद पुलिस और संबंधित अधिकारी रात में ही मौके पर पहुंचे और वनकर्मियों को वहां से सुरक्षित बाहर निकाला।
मारपीट में घायल वन अधिकारियों और कर्मचारियों का रात में ही स्वास्थ्य परीक्षण कराया गया। हालांकि, घटना में कितने वनकर्मियों को कितनी चोटें आई हैं, इसकी विस्तृत जानकारी फिलहाल सामने नहीं आई है। वन विभाग और पुलिस की ओर से घटना में शामिल लोगों की पहचान करने के साथ ही पूरे विवाद की वजह की जांच की जा रही है।

