Mahasamund News: इलाज के लिए अस्पताल लाया गया नशीली टैबलेट तस्करी का आरोपी फरार, निगरानी में तैनात थे दो पुलिस जवान

Mahasamund News: इलाज के लिए अस्पताल लाया गया नशीली टैबलेट तस्करी का आरोपी फरार, निगरानी में तैनात थे दो पुलिस जवान

Chhattisgarh Mahasamund News: महासमुंद। नशीली टैबलेट तस्करी के मामले में गिरफ्तार 20 वर्षीय आरोपी दिनेश सिंह राजपूत महासमुंद मेडिकल कॉलेज सह जिला अस्पताल से फरार हो गया। पेट के दाहिने हिस्से में तेज दर्द और झटके आने की शिकायत के बाद उसे इलाज के लिए अस्पताल लाया गया था। उसकी निगरानी में दो पुलिस जवान तैनात थे, लेकिन गुरुवार सुबह वह अस्पताल से निकलने में कामयाब हो गया। घटना के बाद पुलिस उसकी तलाश करने के साथ ही अभिरक्षा में हुई चूक की जांच कर रही है।

जानकारी के मुताबिक, सरायपाली पुलिस ने बुधवार को ओडिशा से नशीली टैबलेट की तस्करी के आरोप में दिनेश सिंह राजपूत को गिरफ्तार किया था। तबीयत बिगड़ने की शिकायत पर उसे पहले सरायपाली में प्राथमिक उपचार दिया गया, इसके बाद महासमुंद जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। अस्पताल में उसकी निगरानी के लिए पुलिस जवान खोमनलाल साहू और रामचरण यादव को तैनात किया गया था।

बताया जा रहा है कि गुरुवार सुबह करीब 7:30 से 8:30 बजे के बीच एक जवान बाथरूम गया था, जबकि दूसरा डॉक्टर से जुड़े काम में व्यस्त था। इसी दौरान आरोपी अस्पताल से फरार हो गया। बताया गया है कि उसके पैर में रॉड लगी हुई थी। इसके बावजूद वह पुलिस निगरानी से कैसे बच निकला, इसकी जांच की जा रही है। फरारी के समय आरोपी को हथकड़ी लगाई गई थी या नहीं और सुरक्षा के क्या इंतजाम थे, इसकी भी पड़ताल की जा रही है।

पुलिस अस्पताल में लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि आरोपी के फरार होने के रास्ते और घटनाक्रम का पता लगाया जा सके। उसके संभावित ठिकानों पर भी तलाश की जा रही है। मामले में सिटी कोतवाली में FIR दर्ज करने की कार्रवाई जारी है।

एडिशनल एसपी सुनील कुमार नायक ने बताया कि आरोपी अलसुबह अस्पताल से फरार हुआ है और मामले की जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि जांच में जिस किसी की भी लापरवाही सामने आएगी, उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

फिलहाल पुलिस फरार आरोपी की तलाश में जुटी है। जांच के जरिए यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि अस्पताल में पुलिस की निगरानी और सुरक्षा व्यवस्था के बावजूद आरोपी कैसे भाग निकला और इस चूक के लिए कौन जिम्मेदार है।


Related Articles