Chhattisgarh Durg News: दुर्ग। नवरात्रि के अवसर पर दुर्ग जिले के पद्मनाभपुर स्थित हॉकी ग्राउंड में आयोजित गरबा नाइट कार्यक्रम के दौरान विवाद हो गया। कार्यक्रम में बजरंग दल के कार्यकर्ताओं और आयोजकों के बीच झूमाझटकी और मारपीट की घटना सामने आई है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसके आधार पर पुलिस मामले की जांच कर रही है।
जानकारी के मुताबिक, पूर्व महापौर और दुर्ग शहर कांग्रेस के जिलाध्यक्ष धीरज बाकलीवाल की ओर से दो दिवसीय गरबा नाइट कार्यक्रम आयोजित किया गया था। इसी दौरान बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने कार्यक्रम में फिल्मी गाने बजाने और मुस्लिम युवकों की मौजूदगी को लेकर विरोध जताया। वायरल वीडियो में बजरंग दल के जिला संयोजक रामलोचन तिवारी मंच पर चढ़कर माइक के जरिए अपनी आपत्ति दर्ज कराते दिखाई दे रहे हैं।
वीडियो में रामलोचन तिवारी गरबा आयोजन को मां दुर्गा की उपासना से जुड़ा पर्व बताते हुए फिल्मी गाने नहीं बजाने और मुस्लिम युवकों को प्रवेश नहीं देने की मांग करते नजर आते हैं। इसी विरोध के दौरान आयोजकों और रामलोचन तिवारी के बीच विवाद बढ़ गया और झूमाझटकी व मारपीट की स्थिति बन गई।
घटना को लेकर आयोजकों की ओर से अब तक कोई प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। वहीं, सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद मामले की चर्चा तेज हो गई है। पुलिस वायरल वीडियो के आधार पर घटनाक्रम की जांच कर रही है। जांच के बाद घटना से जुड़े तथ्यों और संबंधित लोगों की भूमिका स्पष्ट हो सकेगी।

