Chhattisgarh Lorami News : लोरमी। मुंगेली जिले के लोरमी क्षेत्र में युवक की हत्या के मामले का चिल्फी थाना पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा किया है। अश्लील वीडियो वायरल करने की धमकी और ब्लैकमेलिंग से परेशान होकर पति-पत्नी ने मिलकर 24 वर्षीय अरूण पटेल उर्फ वेद प्रसाद पटेल की हत्या कर दी थी। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
घटना डिंडौरी चौकी क्षेत्र की है। घानाघाट निवासी अरूण पटेल का शव 30 जुलाई की रात गांव में एक घर के पास संदिग्ध परिस्थितियों में मिला था। मामले की गंभीरता को देखते हुए मुंगेली एसएसपी भोजराम पटेल के निर्देशन में चिल्फी थाना पुलिस और डिंडौरी चौकी की टीम ने जांच शुरू की।
पुलिस जांच में सामने आया कि करीब तीन साल पहले अरूण पटेल, आरोपी मुकेश पटेल और उसकी पत्नी मनीषा पटेल मजदूरी के सिलसिले में महाराष्ट्र गए थे। वहां तीनों एक ही कमरे में रहते थे। इसी दौरान अरूण और मनीषा के बीच संबंध बन गए। पुलिस के अनुसार, अरूण ने इस दौरान दोनों के संबंध का वीडियो बना लिया था।
गांव लौटने के बाद अरूण कथित तौर पर उस वीडियो को वायरल करने की धमकी देकर मनीषा को परेशान और ब्लैकमेल कर रहा था। महिला ने इसकी जानकारी अपने पति मुकेश को दी। दोनों ने अरूण को समझाने का प्रयास किया, लेकिन जब वह नहीं माना तो पति-पत्नी ने उसकी हत्या करने की योजना बनाई।
पुलिस के मुताबिक, योजना के तहत दोनों ने अरूण को अपने घर बुलाया और दूध में नींद की दवा मिलाकर पिला दी। उसके बेहोश होने के बाद दोनों ने गमछे से उसका गला घोंटकर हत्या कर दी। इसके बाद शव को घर से बाहर फेंक दिया गया।
आरोपियों ने हत्या के साक्ष्य मिटाने के लिए मृतक का मोबाइल फोन और वारदात में इस्तेमाल गमछा मनियारी नदी में फेंक दिया था। पुलिस ने जांच के दौरान हत्या की पूरी कड़ी जोड़ते हुए आरोपी मुकेश पटेल और उसकी पत्नी मनीषा बाई पटेल को गिरफ्तार कर लिया। दोनों के खिलाफ सुसंगत धाराओं में कार्रवाई करते हुए न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।

