Raipur Latest News: स्थायी दुकानदारों को परेशान करने पर होगी कार्रवाई, पुलिस और नगर निगम ने चौपाटी संचालकों के लिए तय किए नियम

Raipur Latest News: स्थायी दुकानदारों को परेशान करने पर होगी कार्रवाई, पुलिस और नगर निगम ने चौपाटी संचालकों के लिए तय किए नियम

Chhattisgarh Raipur News: रायपुर। राजधानी के एमजी रोड स्थित चौपाटी में यातायात बाधा, अव्यवस्थित पार्किंग और गंदगी की समस्या को दूर करने के लिए पुलिस और नगर निगम ने सख्ती शुरू कर दी है। चौपाटी के सुव्यवस्थित संचालन, स्वच्छता और यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस, नगर निगम, व्यापारी संघ और चौपाटी संचालकों की संयुक्त बैठक आयोजित की गई। बैठक में संचालकों को निर्धारित नियमों का कड़ाई से पालन करने के निर्देश दिए गए। अधिकारियों ने चेतावनी दी कि नियमों का उल्लंघन करने पर वैधानिक कार्रवाई के साथ संबंधित चौपाटी बंद कराने की कार्रवाई भी की जा सकती है।

16 नवंबर को यातायात सभागार में आयोजित बैठक में ट्रैफिक डीसीपी डॉ. अर्चना झा, एडिशनल डीसीपी ट्रैफिक रामकुमार बर्मन एवं स्नेहिल साहू, एसीपी रमेश येरेवार, नगर निगम के नगर निवेशक आभाष मिश्रा, जोन-2 कमिश्नर पीडी घृतलहरे, ईई आशुतोष सिंह और व्यापारी संघ के अध्यक्ष महेंद्र तलरेजा सहित संबंधित अधिकारी एवं चौपाटी संचालक मौजूद रहे।

बैठक में ट्रैफिक डीसीपी डॉ. अर्चना झा ने एमजी रोड में चौपाटी संचालन के लिए पूर्व में तत्कालीन पुलिस कमिश्नर और महापौर द्वारा निर्धारित दिशा-निर्देशों का पालन करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि सभी चौपाटियां केवल रात 9 बजे से 1 बजे तक ही संचालित होंगी। स्थायी दुकानों के शटर बंद होने के बाद ही संबंधित स्थान पर चौपाटी लगाई जा सकेगी। किसी भी स्थायी दुकानदार पर दुकान बंद करने के लिए दबाव बनाना या उसके साथ विवाद करना स्वीकार नहीं किया जाएगा।

चौपाटी संचालकों को अपने प्रतिष्ठानों और आसपास की स्वच्छता की जिम्मेदारी स्वयं निभाने के निर्देश दिए गए। गीले और सूखे कचरे के लिए अलग-अलग डस्टबिन रखना अनिवार्य होगा। संचालन समाप्त होने के बाद निर्धारित स्थान की साफ-सफाई भी संचालकों को सुनिश्चित करनी होगी। सड़क, नाली और सार्वजनिक स्थानों पर कचरा फेंकने पर रोक रहेगी। ग्राहकों के बैठने के लिए सड़क और फुटपाथ पर कुर्सी-टेबल लगाने तथा सार्वजनिक आवागमन क्षेत्र में अतिक्रमण करने की भी अनुमति नहीं होगी।

पार्किंग व्यवस्था को लेकर भी संचालकों को स्पष्ट निर्देश दिए गए। ग्राहकों के दोपहिया और चारपहिया वाहनों की समुचित पार्किंग की जिम्मेदारी चौपाटी संचालकों की होगी। किसी भी स्थिति में मुख्य सड़क या यातायात बाधित करने वाले स्थानों पर वाहन खड़े नहीं कराए जा सकेंगे।

बैठक में बताया गया कि कुछ चौपाटी संचालकों द्वारा निर्धारित नियमों का पालन नहीं किए जाने की शिकायतें मिल रही हैं। इनमें सड़क पर अव्यवस्थित पार्किंग, कुर्सी-टेबल लगाकर अतिक्रमण, गंदगी फैलाना और स्थायी दुकानदारों को अनावश्यक रूप से परेशान करना शामिल है। इन समस्याओं के कारण व्यापारियों, स्थानीय नागरिकों और राहगीरों को परेशानी हो रही है, जबकि यातायात व्यवस्था भी प्रभावित हो रही है।

नगर निगम अधिकारियों से स्वच्छता और कचरा प्रबंधन की नियमित निगरानी करने तथा नियमों का उल्लंघन करने वाले संचालकों को चिन्हित कर नियमानुसार कार्रवाई करने को कहा गया। वहीं व्यापारी संघ से सभी पक्षों के बीच समन्वय बनाए रखने की अपेक्षा की गई।

बैठक में चौपाटी संचालकों ने निर्धारित नियमों का पालन करने का आश्वासन दिया। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि भविष्य में नियमों का उल्लंघन, अतिक्रमण, अव्यवस्थित पार्किंग या गंदगी फैलाने की शिकायत मिलने पर संबंधित संचालकों के खिलाफ सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। आवश्यकता पड़ने पर संबंधित अस्थायी चौपाटी को स्थायी रूप से बंद कराने की कार्रवाई भी की जा सकती है।

पुलिस कमिश्नरेट रायपुर ने स्पष्ट किया कि एमजी रोड में चौपाटियों का संचालन नागरिकों की सुविधा, स्थायी व्यापारियों के हित, स्वच्छता और सुगम यातायात को प्राथमिकता देते हुए सुनिश्चित किया जाएगा। इसके लिए यातायात पुलिस और नगर निगम संयुक्त रूप से लगातार निगरानी रखेंगे और जरूरत के अनुसार कार्रवाई करेंगे।


Related Articles