Chhattisgarh Mahasamund News: महासमुंद। जिले के कोतवाली थाना क्षेत्र में शनिवार सुबह पुलिस कंट्रोल रूम में पदस्थ एक आरक्षक का शव जंगल में फांसी के फंदे पर लटका मिला। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।
जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान 29 वर्षीय मिथिलेश कुमार लेढिया के रूप में हुई है। वह पुलिस कंट्रोल रूम में आरक्षक के पद पर पदस्थ था। शनिवार सुबह ग्रामीणों ने मुड़मार बांधा के जंगल में उसका शव फांसी के फंदे पर लटका देखा। इसके बाद इलाके में हड़कंप मच गया और पुलिस को सूचना दी गई।
घटना के बाद कोतवाली पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। शुरुआती जांच में आत्महत्या की आशंका जताई जा रही है, हालांकि मौत के कारणों को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं है। पुलिस हत्या और आत्महत्या समेत सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत की असली वजह सामने आ सकेगी।

