Chhattisgarh Korba News: कोरबा। जिले के कुदमुरा वन परिक्षेत्र के जिल्गा गांव में हाथियों को तेज आवाज कर जंगल की ओर खदेड़ने की कोशिश ग्रामीणों के लिए भारी पड़ गई। ट्रैक्टर का साइलेंसर निकालकर शोर मचाने के दौरान एक दंतैल हाथी आक्रामक हो गया और उसने ट्रैक्टर पर हमला कर दिया। हाथी ने वाहन के इंजन और अगले हिस्से को बुरी तरह क्षतिग्रस्त कर दिया। खतरा भांपकर चालक जगर सिंह ने ट्रैक्टर से कूदकर अपनी जान बचाई। घटना में किसी ग्रामीण के घायल होने की सूचना नहीं है।
घटना सोमवार शाम करीब चार बजे की है। कुदमुरा क्षेत्र में 11 हाथियों का झुंड लगातार विचरण कर रहा है। इन दिनों खेतों में धान की फसल पककर तैयार है और हाथियों का झुंड खेतों में पहुंचकर फसल को नुकसान पहुंचा रहा था। फसल बचाने के लिए ग्रामीण एकत्रित हुए और ट्रैक्टर के साइलेंसर को निकालकर तेज आवाज करते हुए हाथियों को खदेड़ने लगे।
इसी दौरान झुंड से निकला एक दंतैल हाथी अचानक भड़क गया। वह चिंघाड़ते हुए ट्रैक्टर की ओर दौड़ा। चालक जगर सिंह ने तत्काल ट्रैक्टर से छलांग लगा दी। इसके बाद हाथी ने वाहन पर हमला कर उसके इंजन और अगले हिस्से को क्षतिग्रस्त कर दिया। घटना से आसपास मौजूद ग्रामीणों में अफरा-तफरी मच गई। कुछ ग्रामीण इस दौरान वीडियो भी बना रहे थे, जो सोशल मीडिया पर प्रसारित हो रहा है। कुछ देर बाद हाथी जंगल की ओर लौट गया।
वन विभाग के एसडीओ मणिकांत वर्मा के अनुसार, मौके पर हाथी मित्र दल वाहन सहित तैनात था और ग्रामीणों को सुरक्षित दूरी बनाए रखने की समझाइश दे रहा था। इसी दौरान कुछ लोग दूसरी ओर से ट्रैक्टर लेकर हाथी के करीब पहुंच गए। ट्रैक्टर की तेज आवाज और अचानक हुई गतिविधि से हाथी आक्रामक हो गया।
वन विभाग ने ग्रामीणों को हाथियों के पास जाने, उन्हें घेरने या शोर मचाकर उकसाने से बचने की सलाह दी है। विभाग की टीम हाथियों की गतिविधियों पर निगरानी रख रही है। प्रभावित गांवों में मुनादी कर लोगों को सतर्क किया जा रहा है।

