Kanker Latest News: कन्या छात्रावास के बंद कमरे में मिली 12वीं की छात्रा की लाश, फंदे पर लटका मिला शव

Kanker Latest News: कन्या छात्रावास के बंद कमरे में मिली 12वीं की छात्रा की लाश, फंदे पर लटका मिला शव

Chhattisgarh Kanker News: कांकेर। छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले के दुर्गूकोंदल स्थित नेताजी सुभाषचंद्र बोस कन्या आवासीय विद्यालय में कक्षा 12वीं की आदिवासी छात्रा की मौत का मामला सामने आया है। छात्रा का शव उसके कमरे में सीलिंग फैन से दुपट्टे के सहारे लटका हुआ मिला। वह तुमरीसुर गांव की रहने वाली थी और पिछले करीब 6 वर्षों से छात्रावास में रहकर पढ़ाई कर रही थी। फिलहाल उसकी मौत के कारणों का पता नहीं चल पाया है।

जानकारी के अनुसार, छात्रा कक्षा 12वीं में विज्ञान संकाय की पढ़ाई कर रही थी। 23 अक्टूबर को तबीयत खराब होने के कारण उसके पिता उसे घर ले गए थे। इसके बाद 26 अक्टूबर की सुबह उसके मामा उसे वापस छात्रावास छोड़ने आए थे।

प्रारंभिक जांच के मुताबिक, सोमवार दोपहर के बाद छात्रा कक्षा में नहीं गई और अपने कमरे में ही रही। शाम करीब 5 बजे जब अन्य छात्राएं अपने कमरे में लौटीं, तो उसका कमरा अंदर से बंद मिला। इसकी सूचना छात्रावास अधीक्षक को दी गई। दरवाजा खोलने पर छात्रा का शव सीलिंग फैन से दुपट्टे के सहारे लटका हुआ मिला।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। भानुप्रतापपुर के एसडीएम अनिकेत फडतरे सहित अन्य अधिकारियों ने घटनास्थल का जायजा लिया। छात्रा के परिजन भी मौके पर पहुंचे। फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल की जांच कर भौतिक साक्ष्य जुटाए। आवश्यक कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भानुप्रतापपुर लाया गया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।

बताया जा रहा है कि छात्रा पढ़ाई में अच्छी थी और लंबे समय से छात्रावास में रहकर अध्ययन कर रही थी। उसकी मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसकी जांच की जा रही है। अब तक घटना के पीछे किसी विशेष कारण की पुष्टि नहीं हुई है। दुर्गूकोंदल पुलिस मामले की जांच कर रही है। मौत की परिस्थितियों का पता जांच और साक्ष्यों के आधार पर ही चल सकेगा।


Related Articles