Chhattisgarh Latest News: ‘चलव रे संगी हॉकी खेलबो’ के उद्घोष के साथ शुरू होगी लीग, युवा खिलाड़ियों को मिलेगा बड़ा मंच

Chhattisgarh Latest News: ‘चलव रे संगी हॉकी खेलबो’ के उद्घोष के साथ शुरू होगी लीग, युवा खिलाड़ियों को मिलेगा बड़ा मंच

Chhattisgarh Latest News: रायपुर। छत्तीसगढ़ में हॉकी को बढ़ावा देने और प्रदेश की प्रतिभाओं को राष्ट्रीय स्तर का मंच उपलब्ध कराने के उद्देश्य से 21 अक्टूबर से छत्तीसगढ़ हॉकी लीग की शुरुआत होने जा रही है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय राजधानी के सरदार वल्लभ भाई पटेल अंतरराष्ट्रीय हॉकी स्टेडियम में शाम 5 बजे लीग का शुभारंभ करेंगे। राज्य शासन के खेल एवं युवा कल्याण विभाग द्वारा आयोजित इस लीग में छह फ्रेंचाइजी टीमें हिस्सा लेंगी। मुकाबलों में ओलंपियन, राष्ट्रीय स्तर के दिग्गज और छत्तीसगढ़ के उभरते खिलाड़ी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।

‘चलव रे संगी हॉकी खेलबो’ के उद्घोष के साथ आयोजित इस लीग का उद्देश्य प्रदेश में हॉकी की प्रतिस्पर्धात्मक संस्कृति को मजबूत करना और युवा खिलाड़ियों को अनुभवी खिलाड़ियों से सीखने का अवसर देना है। लीग के दौरान खिलाड़ियों को तकनीक, रणनीति, फिटनेस और टीमवर्क जैसे पहलुओं को बेहतर बनाने का मौका मिलेगा।

उद्घाटन समारोह की अध्यक्षता केंद्रीय युवा कार्यक्रम एवं खेल राज्य मंत्री रक्षा निखिल खड़से करेंगी। केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य राज्य मंत्री तोखन साहू, उप मुख्यमंत्री अरुण साव और विजय शर्मा तथा विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह सहित कई जनप्रतिनिधि और अतिथि समारोह में शामिल होंगे।

लीग में चक्रधर चैंपियंस की फ्रेंचाइजी जिंदल स्टील लिमिटेड, न्यायधानी नाइट्स की साउथ ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (एसईसीएल), राजधानी रॉयल्स की बजरंग पावर एंड इस्पात लिमिटेड, मैनपाट टाइगर्स की छत्तीसगढ़ पर्यटन मंडल, संस्कारधानी स्ट्राइकर्स की सारडा एनर्जी एंड मिनरल्स लिमिटेड और बैलाडीला बुल्स की फ्रेंचाइजी एनएमडीसी लिमिटेड के पास है।

लीग के मुकाबले 22 अक्टूबर से 1 नवंबर तक रायपुर के सरदार वल्लभ भाई पटेल अंतरराष्ट्रीय हॉकी स्टेडियम में खेले जाएंगे। प्रतिदिन दो मैच आयोजित होंगे। पहला मुकाबला शाम 5:30 बजे और दूसरा शाम 7:30 बजे शुरू होगा। पहले दिन महिला खिलाड़ियों का प्रदर्शनी मैच भी आयोजित किया जाएगा, जिससे महिला हॉकी को प्रोत्साहन मिलेगा।

खेलप्रेमियों के लिए स्टेडियम में प्रवेश निःशुल्क रहेगा। वहीं, जो दर्शक मैदान तक नहीं पहुंच सकेंगे, वे सभी मुकाबलों का सीधा प्रसारण JioHotstar पर देख सकेंगे। मैचों का संचालन हॉकी इंडिया के अधिकारियों और ऑफिशियल्स द्वारा किया जाएगा।

राज्य सरकार को उम्मीद है कि छत्तीसगढ़ हॉकी लीग से प्रदेश के खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा निखारने, अनुभवी खिलाड़ियों से सीखने और भविष्य में राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं के लिए तैयार होने का अवसर मिलेगा। यह पहल प्रदेश में हॉकी के प्रति रुचि बढ़ाने और छत्तीसगढ़ को खेलों के उभरते केंद्र के रूप में स्थापित करने की दिशा में महत्वपूर्ण साबित हो सकती है।


Related Articles