Chhattisgarh Latest News: महिला क्रिकेट में छत्तीसगढ़ की उभरती प्रतिभाओं को अवसर, WPL 2027 ऑक्शन की 146 खिलाड़ियों की सूची में दो नाम शामिल

Chhattisgarh Latest News: महिला क्रिकेट में छत्तीसगढ़ की उभरती प्रतिभाओं को अवसर, WPL 2027 ऑक्शन की 146 खिलाड़ियों की सूची में दो नाम शामिल

Chhattisgarh Latest News: रायपुर। छत्तीसगढ़ की दो युवा महिला क्रिकेटरों पलक सिंह और श्रेया श्रीवास को महिला प्रीमियर लीग (WPL) 2027 के ऑक्शन के लिए चुनी गई 146 खिलाड़ियों की सूची में जगह मिली है। दोनों अंडर-19 खिलाड़ी अपने पिछले प्रदर्शन के दम पर इस सूची में शामिल हुई हैं। 28 अक्टूबर को केरल के कोच्चि में होने वाले ऑक्शन में WPL की टीमें इन खिलाड़ियों पर बोली लगा सकेंगी। दोनों का बेस प्राइस 10 लाख रुपये निर्धारित किया गया है।

छत्तीसगढ़ की युवा तेज गेंदबाज पलक सिंह ने पिछले सीजन में आठ मैचों में पांच विकेट हासिल किए थे। इसके अलावा उन्होंने WPL स्पीड क्वीन प्रतियोगिता में अपनी गेंदबाजी की रफ्तार से भी पहचान बनाई थी। पलक ने 106 किलोमीटर प्रति घंटे की गति से गेंदबाजी कर गोल्ड मेडल अपने नाम किया था। उनके प्रदर्शन को देखते हुए ऑक्शन सूची में जगह मिलना उनके क्रिकेट करियर के लिए एक महत्वपूर्ण अवसर माना जा रहा है।

वहीं, बाएं हाथ की धीमी गति की ऑर्थोडॉक्स गेंदबाज श्रेया श्रीवास ने भी पिछले सीजन में अपनी गेंदबाजी से प्रभावित किया था। उन्होंने कुल 17 विकेट हासिल किए थे। इस प्रदर्शन के आधार पर श्रेया को भी WPL 2027 ऑक्शन के लिए चुनी गई खिलाड़ियों की सूची में शामिल किया गया है।

ऑक्शन के लिए जारी सूची में कुल 146 खिलाड़ी शामिल हैं। इनमें 22 भारतीय कैप्ड, 14 विदेशी कैप्ड, 97 भारतीय अनकैप्ड और 13 विदेशी अनकैप्ड खिलाड़ी हैं। खिलाड़ियों को उनके बेस प्राइस के आधार पर 50 लाख, 40 लाख, 30 लाख, 20 लाख और 10 लाख रुपये की श्रेणियों में रखा गया है। पलक सिंह और श्रेया श्रीवास दोनों 10 लाख रुपये के बेस प्राइस वाली श्रेणी में शामिल हैं।

WPL 2027 के ऑक्शन में जगह मिलने से छत्तीसगढ़ की इन युवा क्रिकेटरों को अपनी प्रतिभा दिखाने और बड़े मंच पर आगे बढ़ने का अवसर मिलेगा। अब सभी की नजरें 28 अक्टूबर को होने वाली नीलामी पर रहेंगी, जहां यह तय होगा कि दोनों खिलाड़ियों को किस टीम में खेलने का मौका मिलता है।


Related Articles