Chhattisgarh Latest News: CM विष्णुदेव साय ने किया भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा का अनावरण, जनजातीय नायकों के योगदान को नई पीढ़ी तक पहुंचाने पर दिया जोर

Chhattisgarh Latest News: CM विष्णुदेव साय ने किया भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा का अनावरण, जनजातीय नायकों के योगदान को नई पीढ़ी तक पहुंचाने पर दिया जोर

Chhattisgarh Bilaspur News: बिलासपुर। मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने कहा कि देश की स्वतंत्रता के लिए जनजातीय वीर नायकों का संघर्ष और बलिदान हमारी गौरवशाली विरासत का अमूल्य हिस्सा है। इन महानायकों ने मातृभूमि की आजादी के साथ अपनी संस्कृति, परंपराओं, स्वाभिमान और अधिकारों की रक्षा के लिए भी अपना सर्वस्व न्योछावर किया। उनका जीवन साहस, एकता और राष्ट्र के प्रति समर्पण की प्रेरणा देता है। मुख्यमंत्री श्री साय गुरु घासीदास केंद्रीय विश्वविद्यालय में जनजातीय गौरव दिवस के अवसर पर आयोजित ‘स्वतंत्रता संघर्ष में जनजातीय नायकों का योगदान’ विषयक राष्ट्रीय संगोष्ठी को मुख्य अतिथि के रूप में संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि विकास के साथ गौरवशाली विरासत को सहेजना और नई पीढ़ी तक पहुंचाना भी हमारी महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री श्री साय ने विश्वविद्यालय परिसर में स्थापित धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा का अनावरण किया। उन्होंने जनजातीय वीथिका का अवलोकन कर जनजातीय वीर नायकों के जीवन, संघर्ष और बलिदान पर आधारित प्रदर्शनी की सराहना की। कार्यक्रम में राष्ट्रीय संगोष्ठी की स्मारिका का विमोचन भी किया गया।

मुख्यमंत्री ने भगवान बिरसा मुंडा को नमन करते हुए कहा कि उन्होंने मात्र 25 वर्ष के जीवन में अंग्रेजी शासन के अन्याय और शोषण के विरुद्ध ऐतिहासिक संघर्ष किया। जल, जंगल और जमीन के अधिकारों की रक्षा के लिए उन्होंने जनजातीय समाज को संगठित किया और उलगुलान आंदोलन के माध्यम से अंग्रेजी हुकूमत को चुनौती दी। उनका साहस, स्वाभिमान और बलिदान आज भी सभी के लिए प्रेरणास्रोत है।

उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ की धरती जनजातीय वीरों के साहस और बलिदान की साक्षी रही है। शहीद वीर नारायण सिंह ने अकाल के समय भूखी जनता की सहायता के लिए संघर्ष किया और अन्याय के विरुद्ध आवाज उठाई। इसी तरह अनेक जनजातीय नायकों ने देश की स्वतंत्रता और समाज के अधिकारों की रक्षा के लिए अपना जीवन समर्पित किया। इन महानायकों की गौरवगाथाओं को नई पीढ़ी तक पहुंचाना आवश्यक है, ताकि युवा अपने इतिहास और संस्कृति पर गर्व कर सकें।

मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में जनजातीय समाज के गौरवशाली इतिहास और स्वतंत्रता संग्राम में उसके योगदान को राष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान मिली है। भगवान बिरसा मुंडा की जयंती को जनजातीय गौरव दिवस के रूप में मनाने की पहल इसी दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। उनकी 151वीं जयंती के अवसर पर प्रदेशभर में जनजातीय गौरव सप्ताह के अंतर्गत विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। स्कूलों, महाविद्यालयों और विकासखंड स्तर पर होने वाले इन कार्यक्रमों के माध्यम से युवाओं को जनजातीय नायकों के जीवन और योगदान से परिचित कराया जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि जनजातीय समाज की समृद्ध संस्कृति, परंपराएं और जीवन मूल्य छत्तीसगढ़ की पहचान हैं। राज्य सरकार इनके संरक्षण के साथ जनजातीय परिवारों के जीवन में खुशहाली लाने के लिए लगातार कार्य कर रही है। शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और आजीविका के बेहतर अवसर उपलब्ध कराकर समाज के हर वर्ग को विकास की मुख्यधारा से जोड़ना सरकार का संकल्प है।

उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में जनजातीय बहुल क्षेत्रों के विकास के लिए अनेक योजनाएं संचालित की जा रही हैं। धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान के अंतर्गत छत्तीसगढ़ के लगभग साढ़े छह हजार गांव शामिल हैं। विशेष रूप से कमजोर जनजातीय समूहों की बसाहटों तक सड़क, बिजली, रसोई गैस और सौर ऊर्जा जैसी बुनियादी सुविधाएं पहुंचाई जा रही हैं। राज्य सरकार ने जनजातीय समाज की परंपराओं और सामाजिक व्यवस्था को सहेजने वाले मांझी, चालकी और बैगा का मानदेय भी बढ़ाया है।

मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि देश के सर्वोच्च संवैधानिक पद पर राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मु का आसीन होना जनजातीय समाज के लिए गौरव का विषय है। जनजातीय समाज ने अपनी मेहनत, प्रतिभा और समर्पण से देश के विकास में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। सरकार का प्रयास है कि समाज के युवाओं को आगे बढ़ने के अधिक अवसर मिलें और वे विकसित भारत एवं विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण में अपनी भूमिका निभाएं।

मुख्यमंत्री ने जनजातीय समाज के उत्थान में अखिल भारतीय वनवासी कल्याण आश्रम के योगदान की सराहना की। उन्होंने स्वर्गीय श्री दिलीप सिंह जूदेव के कार्यों को याद करते हुए कहा कि उन्होंने जनजातीय समाज के सम्मान और हितों के लिए महत्वपूर्ण कार्य किए। मुख्यमंत्री ने श्री जोगेश्वर यादव की सेवा भावना की भी सराहना की। उन्होंने कहा कि पहाड़ी कोरवा और बिरहोर समुदाय के बीच श्री यादव ने सेवा और समर्पण से जो विश्वास अर्जित किया है, वह अनुकरणीय है।

मुख्यमंत्री श्री साय ने गुरु घासीदास केंद्रीय विश्वविद्यालय द्वारा शिक्षा के साथ सामाजिक सरोकारों के क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों की भी प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय में मात्र दस रुपये में भोजन उपलब्ध कराने की व्यवस्था से लगभग ढाई हजार लोगों को लाभ मिल रहा है। स्थानीय उत्पादों के विक्रय और उद्यमशीलता को प्रोत्साहित करने के प्रयास भी सराहनीय हैं। उन्होंने भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा स्थापना और राष्ट्रीय संगोष्ठी के आयोजन के लिए विश्वविद्यालय परिवार को बधाई दी।


Related Articles