Chhattisgarh Latest News: छत्तीसगढ़। महादेव ऑनलाइन सट्टा ऐप के प्रमुख सौरभ चंद्राकर की गिरफ्तारी के बाद प्रदेश की राजनीति में बयानबाजी तेज हो गई है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि महादेव सट्टा ऐप के तार प्रधानमंत्री कार्यालय (PMO) तक जुड़े हुए हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि सौरभ चंद्राकर की गिरफ्तारी के बावजूद रवि उप्पल और शुभम सोनी अब तक पुलिस की पकड़ से बाहर क्यों हैं और उन्हें भारत तथा रायपुर कब लाया जाएगा।
प्रेसवार्ता में दीपक बैज ने आरोप लगाया कि भाजपा ने महादेव सट्टा ऐप के मामले का इस्तेमाल राजनीतिक लाभ के लिए किया। शुभम सोनी के वीडियो और तत्कालीन मुख्यमंत्री भूपेश बघेल पर लगाए गए आरोपों का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि चुनाव के दौरान मंत्री से लेकर प्रधानमंत्री तक इस मुद्दे पर बयान देते रहे, लेकिन चुनाव खत्म होने के बाद कार्रवाई की रफ्तार धीमी पड़ गई। बैज ने दावा किया कि महादेव ऑनलाइन सट्टा ऐप के खिलाफ कार्रवाई कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में ही शुरू हुई थी। उनके मुताबिक, उस दौरान 72 से अधिक एफआईआर दर्ज की गईं और ऐप को गूगल से हटाने की कार्रवाई भी की गई थी। उन्होंने यह भी कहा कि रायपुर पुलिस की अर्जी पर रवि उप्पल के खिलाफ सर्कुलर जारी कराने की पहल तत्कालीन सरकार ने की थी।
बैज ने भाजपा सरकार से सवाल किया कि पिछले तीन वर्षों में महादेव सट्टा ऐप को पूरी तरह बंद कराने के लिए क्या कदम उठाए गए और इस दौरान कितनी एफआईआर दर्ज की गईं। उन्होंने पूछा कि प्रधानमंत्री कार्यालय को इस मामले में कितनी बार पत्र लिखा गया। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि महादेव ऐप अब भी सोशल मीडिया के जरिए संचालित हो रहा है। उन्होंने महाकाल बुक, जन्नत बुक, राजवीर ऑनलाइन, लोटस 365, अलीबाबा बुक, खेलों यार, लायल बुक और डायवर्ड एक्स डॉट कॉम जैसे अन्य ऑनलाइन सट्टा प्लेटफॉर्म का भी जिक्र किया। उनका आरोप है कि सरकार के संरक्षण में जुआ और सट्टे का कारोबार फल-फूल रहा है।
दीपक बैज ने दावा किया कि महादेव सट्टा ऐप से जुड़ी गतिविधियां केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय के दायरे में भी आती हैं, इसके बावजूद प्रभावी कार्रवाई नहीं हो रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि सट्टेबाजी से मिलने वाला पैसा भाजपा के एक विधायक के जरिए दिल्ली तक पहुंच रहा है। बैज ने ललित मोदी और हिरव मोदी को वापस लाने के मुद्दे पर भी सरकार से सवाल किए।
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने कथा वाचक प्रदीप मिश्रा, प्रधानमंत्री कार्यालय के अधिकारियों और विकास गर्ग को एक साथ बैठाकर पूछताछ करने की मांग की। उन्होंने कहा कि जांच में यह भी पता लगाया जाना चाहिए कि भाजपा के किन नेताओं का इस मामले से संबंध है और आरोपियों को किसका संरक्षण प्राप्त है। बैज ने सवाल उठाया कि क्या भाजपा सरकार PMO के अधिकारियों को भी जांच के दायरे में शामिल करने की मांग करेगी।
बैज ने आरोप लगाया कि मौजूदा मुद्दों से ध्यान भटकाने के लिए महादेव सट्टा ऐप मामले को अलग दिशा दी जा रही है। उन्होंने कहा कि मामले में कई सवाल अब भी अनुत्तरित हैं और निष्पक्ष जांच जरूरी है। अपनी बात के अंत में उन्होंने कहा कि इस पूरे मामले में कहीं न कहीं दाल में कुछ काला जरूर है।

