Chhattisgarh Latest News: छत्तीसगढ़। बिलासपुर शहर में प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत मकान स्वीकृत होने के बावजूद कई हितग्राही तीसरी और चौथी किस्त की राशि के लिए परेशान हो रहे हैं। समय पर भुगतान नहीं होने के कारण दर्जनों मकानों का निर्माण अधूरा पड़ा है। वहीं, योजना की प्रगति की सही जानकारी नहीं मिलने पर नगर निगम कमिश्नर प्रकाश कुमार सर्वे ने अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए हैं।
निगम कमिश्नर ने समीक्षा बैठक में निर्देश दिया कि जिन हितग्राहियों के आवास स्वीकृत हो चुके हैं, लेकिन निर्माण कार्य शुरू नहीं हुआ है, उनसे व्यक्तिगत संपर्क कर 30 नवंबर तक काम शुरू कराया जाए। अधिकारियों को हितग्राहियों से समन्वय बनाने और निर्माण में आ रही बाधाओं को दूर करने के लिए भी कहा गया है।
जिन मकानों का निर्माण रूफ टॉप स्तर तक पहुंच चुका है, उन्हें 15 दिसंबर तक पूरा कराने की समयसीमा तय की गई है। हालांकि, कई हितग्राहियों का कहना है कि तीसरी और चौथी किस्त नहीं मिलने के कारण निर्माण कार्य आगे नहीं बढ़ पा रहा है। आर्थिक स्थिति कमजोर होने से वे अपने स्तर पर मकान पूरा कराने में असमर्थ हैं। कुछ हितग्राहियों ने मकान बनाने के लिए कर्ज लिया है, तो कुछ को अपनी संपत्ति तक गिरवी रखनी पड़ी है।
समीक्षा बैठक में अनुपस्थित रहने पर पीएम आवास शाखा के दो इंजीनियर और तीन सीएलटीसी कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई की गई है। निगम कमिश्नर ने एई अनिल वासू, सब इंजीनियर प्रिया सिंह और सीएलटीसी मयंक वर्मा, कुलदीप जायसवाल तथा रविंद्र सुनहरे को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए हैं। निगम प्रशासन ने निर्धारित समयसीमा में आवास निर्माण पूरा कराने और नए स्वीकृत आवासों का काम शुरू कराने पर जोर दिया है।

