Baloda Bazar Latest News: रायपुर-बिलासपुर नेशनल हाईवे पर भीषण हादसा, खड़ी ट्रक में घुसी तेज रफ्तार बस; 3 यात्रियों की मौत, 10 घायल

Baloda Bazar Latest News: रायपुर-बिलासपुर नेशनल हाईवे पर भीषण हादसा, खड़ी ट्रक में घुसी तेज रफ्तार बस; 3 यात्रियों की मौत, 10 घायल

Chhattisgarh Baloda Bazar News: बलौदाबाजार। छत्तीसगढ़ के रायपुर-बिलासपुर नेशनल हाईवे-130 पर सोमवार सुबह भीषण सड़क हादसा हो गया। बलौदाबाजार जिले के दरचुरा के पास अंबिकापुर से रायपुर आ रही एक तेज रफ्तार बस सड़क किनारे खड़े ट्रक में जा घुसी। हादसे में तीन यात्रियों की मौत हो गई, जबकि करीब 10 लोग घायल बताए जा रहे हैं। घायलों की संख्या बढ़ने की आशंका भी जताई गई है। दुर्घटना सिमगा थाना क्षेत्र की है।

जानकारी के मुताबिक, रॉयल ट्रेवल्स की बस क्रमांक CG 04 NM 0859 सोमवार सुबह अंबिकापुर से यात्रियों को लेकर रायपुर के लिए रवाना हुई थी। बस में करीब 22 यात्री सवार थे। सुबह लगभग 5:30 बजे दरचुरा के पास बस खड़े ट्रक से टकरा गई। बताया जा रहा है कि हादसे के समय कई यात्री नींद में थे और उन्हें संभलने का मौका नहीं मिला। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बस का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।

घटना की सूचना मिलते ही डायल 112 और सिमगा पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकालकर घायलों को तत्काल सिमगा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया, जहां उनका इलाज जारी है। मृतकों के शव पंचनामा कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेजे गए हैं। शुरुआती जानकारी के अनुसार, मृतकों की पहचान की प्रक्रिया जारी थी।

पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है। यह पता लगाया जा रहा है कि क्या बस चालक को झपकी आने के कारण दुर्घटना हुई या खड़े ट्रक की दृश्यता से जुड़ी कोई समस्या थी। ट्रक पर रिफ्लेक्टर लगा था या नहीं, इस पहलू की भी जांच की जा रही है। दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को सड़क से हटाने की कार्रवाई की गई, ताकि हाईवे पर यातायात प्रभावित न हो।

प्रदेश में लगातार हो रहे सड़क हादसों के बीच यह दुर्घटना सामने आई है। रविवार को कोरिया जिले के चर्चा थाना क्षेत्र में बस और बोलेरो की टक्कर में एक महिला की मौत हुई थी, जबकि चार बच्चों समेत 14 लोग घायल हुए थे। इससे पहले मनेंद्रगढ़ से केल्हारी जा रही बस सेमरमथानी मोड़ के पास पेड़ से टकरा गई थी। उस हादसे में छह लोगों की मौत और चालक समेत करीब 40 लोगों के घायल होने की जानकारी सामने आई थी।

इधर, राजधानी रायपुर में भी पिछले 24 घंटों के दौरान चार अलग-अलग सड़क हादसों में पांच लोगों की मौत होने की जानकारी दी गई है। इनमें तेलीबांधा थाना क्षेत्र के वीआईपी रोड चौक पर ट्रक की चपेट में आने से स्कूटी सवार महिला और उसकी नौ वर्षीय बेटी की मौत का मामला भी शामिल है। लगातार हो रही दुर्घटनाओं के बीच पुलिस ने बलौदाबाजार के बस-ट्रक हादसे की जांच शुरू कर दी है।


Related Articles