Chhattisgarh Korba News: कोरबा। जिले के कोडिया स्थित बाल संप्रेक्षण गृह से एक बार फिर अपचारी बालक के फरार होने का मामला सामने आया है। शनिवार सुबह जवानों की व्यस्तता का फायदा उठाकर बालक चैनल गेट खोलकर भाग निकला। गिनती के दौरान उसके गायब होने का पता चला, जिसके बाद परिसर में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस ने उसकी तलाश शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, पोंडीबहार निवासी बालक को चोरी के मामले में 27 सितंबर को कोडिया स्थित बाल संप्रेक्षण गृह में दाखिल कराया गया था। शनिवार सुबह मुख्य द्वार खुलने के बाद जवान अपने काम में व्यस्त हो गए। इसी दौरान बालक ने कथित तौर पर चैनल गेट खोला और वहां से फरार हो गया।
गिनती के समय बालक के गायब होने की जानकारी सामने आने के बाद सीएसईबी चौकी पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस टीम उसकी पतासाजी में जुट गई है। सीएसपी प्रतीक चतुर्वेदी के अनुसार, बालक की तलाश के लिए उसके घर और रिश्तेदारों से पूछताछ की जा रही है।
कोडिया स्थित बाल संप्रेक्षण गृह से अपचारी बालक के फरार होने की यह पहली घटना नहीं है। इससे पहले भी यहां से बालकों के भागने की घटनाएं सामने आ चुकी हैं। ताजा घटना के बाद संप्रेक्षण गृह की सुरक्षा व्यवस्था पर फिर सवाल उठने लगे हैं। फिलहाल पुलिस फरार बालक की तलाश कर रही है।

