Chhattisgarh Kondagaon News : कोण्डागांव। कोण्डागांव थाना और साइबर सेल की संयुक्त टीम ने ग्राम केंवटी के जंगल में जुआ खेल रहे सात आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मौके से 7,100 रुपये नकद, ताश के 52 पत्ते, पांच मोबाइल फोन और छह दोपहिया वाहन जब्त किए हैं। जब्त सामान की कुल अनुमानित कीमत 2 लाख 1 हजार 100 रुपये बताई गई है।
पुलिस के अनुसार, 21 अगस्त को सूचना मिली थी कि ग्राम केंवटी के जंगल में कुछ लोग ताश के पत्तों पर रुपये-पैसों का दांव लगाकर जुआ खेल रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस और साइबर सेल की टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और जुआ खेल रहे सातों आरोपियों को पकड़ लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान उत्तम पटेल (33), विष्णु दास सोनी (27), महेश मरकाम (27), मंगतराम कोर्राम (26), अर्जुन बघेल (26), विकास ठाकुर (36) और कमलेश सोनी (28) के रूप में हुई है। सभी आरोपी कोण्डागांव जिले के अलग-अलग क्षेत्रों के निवासी बताए गए हैं।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम, 2022 की धारा 3 के तहत कोण्डागांव थाने में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक आईपीएस पंकज चन्द्रा के निर्देश, एएसपी कपील चन्द्रा के मार्गदर्शन और एसडीओपी कोण्डागांव रूपेश कुमार के नेतृत्व में की गई। कार्रवाई में थाना प्रभारी सौरभ उपाध्याय सहित थाना पुलिस और साइबर सेल के जवानों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

