Jagdalpur News : बस्तर विश्वविद्यालय की भर्ती को लेकर सियासत तेज, दीपक बैज ने जांच समिति की मांग की

Jagdalpur News : बस्तर विश्वविद्यालय की भर्ती को लेकर सियासत तेज, दीपक बैज ने जांच समिति की मांग की

Chhattisgarh Jagdalpur News : जगदलपुर। शहीद महेंद्र कर्मा विश्वविद्यालय (बस्तर विश्वविद्यालय) में प्रोफेसर, एसोसिएट प्रोफेसर और असिस्टेंट प्रोफेसर के पदों पर चल रही भर्ती प्रक्रिया को लेकर विवाद बढ़ता जा रहा है। जगदलपुर के पूर्व विधायक और भाजपा नेता संतोष बाफना ने विश्वविद्यालय प्रशासन पर भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता नहीं बरतने और स्थानीय अभ्यर्थियों की अपेक्षा दूसरे प्रदेशों के आवेदकों को प्राथमिकता देने का आरोप लगाया है।

संतोष बाफना का कहना है कि विश्वविद्यालय में पहले 59 और बाद में 162 शैक्षणिक पदों पर भर्ती की गई, लेकिन इस प्रक्रिया में यूजीसी के नियमों का पालन नहीं किया गया। उन्होंने दावा किया कि दावा-आपत्ति के लिए जारी सूची में आवेदकों की पूरी जानकारी देने के बजाय केवल आवेदन नंबर प्रकाशित किए गए हैं। इससे भर्ती प्रक्रिया की पारदर्शिता को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं।

भाजपा नेता के आरोपों को कांग्रेस का भी समर्थन मिला है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने भी बस्तर विश्वविद्यालय की भर्ती प्रक्रिया पर सवाल उठाते हुए सरकार से मामले की जांच के लिए समिति गठित करने की मांग की है। उन्होंने कहा कि भर्ती प्रक्रिया में सामने आए आरोपों की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए।

दीपक बैज ने यह भी कहा कि कांग्रेस के विधायक इस मामले को विधानसभा में उठाएंगे। भाजपा और कांग्रेस दोनों प्रमुख राजनीतिक दलों की ओर से सवाल उठाए जाने के बाद बस्तर विश्वविद्यालय की भर्ती प्रक्रिया को लेकर विवाद और गहराता नजर आ रहा है। अब निगाहें विश्वविद्यालय प्रशासन और सरकार की ओर से होने वाली कार्रवाई पर टिकी हैं।


Related Articles