दुर्ग। राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर गुरुवार, 27 अगस्त को IIT भिलाई में ‘खेलो इंडिया संवाद’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का थीम ‘खेल की बात प्रधानमंत्री के साथ’ रहा। मेरा युवा भारत दुर्ग, युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार तथा IIT भिलाई के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम में युवाओं, खिलाड़ियों और स्वयंसेवकों ने हिस्सा लिया।
कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वर्चुअल माध्यम से देशभर के करीब 1500 स्थानों पर मौजूद 10 लाख से अधिक युवाओं को संबोधित किया। प्रधानमंत्री के संबोधन के बाद युवाओं और स्थानीय खिलाड़ियों के बीच विशेष संवाद सत्र भी आयोजित किया गया।
IIT भिलाई में 12 से 18 महीने में विकसित होंगी खेल सुविधाएं
IIT भिलाई के निदेशक राजीव प्रकाश ने कार्यक्रम के दौरान संस्थान में खेल सुविधाओं के विस्तार की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि IIT भिलाई में अगले 12 से 18 महीनों के भीतर खेल परिसर विकसित करने का लक्ष्य रखा गया है। इसमें इंडोर और आउटडोर दोनों तरह की खेल सुविधाएं विकसित की जाएंगी।
उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री के संबोधन में देश में ऐसे खेलों को बढ़ावा देने पर जोर दिया गया, जिनमें अभी युवाओं की भागीदारी अपेक्षाकृत कम है। इसी दिशा में IIT भिलाई में आर्चरी खेल को बढ़ावा देने के लिए जल्द काम शुरू किया जाएगा। आर्चरी के लिए इंडोर और आउटडोर दोनों तरह की सुविधाएं विकसित करने की योजना है। इसके साथ ही IIT भिलाई परिसर में स्विमिंग पूल बनाने की दिशा में भी प्रयास किए जाएंगे, ताकि युवाओं और खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण सुविधाएं मिल सकें।
दुर्ग सांसद विजय बघेल रहे मुख्य अतिथि
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि दुर्ग लोकसभा सांसद विजय बघेल रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता IIT भिलाई के निदेशक राजीव प्रकाश ने की। विशेष अतिथि के रूप में राष्ट्रीय बास्केटबॉल खिलाड़ी रोहित कुमार और सुरेश पांडे मौजूद रहे।

