Chhattisgarh Kanker News: कांकेर। जिले के मुरगांव क्षेत्र में माओवादी डंप की तलाश के दौरान बरामद करीब 20 लाख रुपये की नकदी गायब होने का मामला सामने आया है। जानकारी के अनुसार मार्च-अप्रैल 2026 में टोडेमरका और मरकाकोनारी के जंगलों में सर्च ऑपरेशन के दौरान यह रकम बरामद की गई थी। आरोप है कि बरामद रकम को सरकारी खाते में जमा कराने के बजाय तत्कालीन दो डीएसपी ने आपस में बांट लिया। मामला एसपी के संज्ञान में आने के बाद आंतरिक जांच कराए जाने की बात सामने आई है, हालांकि जांच रिपोर्ट अब तक सार्वजनिक नहीं की गई है।
बताया गया कि तत्कालीन डीएसपी अपनी टीम के साथ मुरगांव के आश्रित ग्राम टोडेमरका और मरकाकोनारी के जंगलों में माओवादी डंप की तलाश के लिए गए थे। सर्च ऑपरेशन के दौरान टोडेमरका जंगल से करीब 15 लाख रुपये और मरकाकोनारी से करीब पांच लाख रुपये बरामद होने की जानकारी सामने आई है। इस तरह कुल करीब 20 लाख रुपये की नकदी बरामद होने की बात कही जा रही है।
बरामद रकम के सरकारी खाते में जमा नहीं होने और कथित तौर पर बंटवारे के आरोप को लेकर तत्कालीन अधिकारियों की भूमिका पर सवाल उठ रहे हैं। मामला सामने आने के बाद एसपी के स्तर पर आंतरिक जांच कराए जाने की जानकारी है, लेकिन रिपोर्ट सार्वजनिक नहीं होने से इस पूरे मामले को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं हो सकी है।
इधर माओवादी डंप से 20 लाख रुपये की जगह 22 करोड़ रुपये बरामद होने की अफवाह भी क्षेत्र में फैल रही है। हालांकि उपलब्ध जानकारी में करीब 20 लाख रुपये की बरामदगी का ही दावा किया गया है। फिलहाल 22 करोड़ रुपये बरामद होने की चर्चा की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। विभाग की ओर से मामले को लेकर सार्वजनिक रूप से विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है।

