Balrampur News: खबर का असर: चंदौरा में गौ-मांस मामले पर पुलिस का बड़ा एक्शन, 9 आरोपी गिरफ्तार

Balrampur News: खबर का असर: चंदौरा में गौ-मांस मामले पर पुलिस का बड़ा एक्शन, 9 आरोपी गिरफ्तार

CG Balrampur News: बलरामपुर: चंदौरा में गाय की हत्या और मांस खाने के आरोप को लेकर सामने आए मामले में रनहत पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। ग्रामीणों की शिकायत के बाद पुलिस ने मामले में 9 आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। पुलिस के अनुसार, पूछताछ के दौरान आरोपियों द्वारा गाय को मारकर उसका मांस खाने की बात सामने आने का दावा किया गया है।

पुलिस के मुताबिक, मामला अपराध क्रमांक 58/2026 के तहत दर्ज किया गया है। प्रकरण में धारा 325, 3(5) बीएनएस तथा छत्तीसगढ़ कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम 2005 की धारा 4, 6 और 10 के तहत कार्रवाई की गई है।

जंगल में चरते समय लापता हुई गाय, सोख्ता में मिले कटे पैर

पुलिस के अनुसार, ग्राम चंदौरा निवासी सुदन हड्डे ने शिकायत दर्ज कराई थी कि 23 सितंबर को उनकी लाल रंग की गाय जंगल में चरने के दौरान लापता हो गई थी। काफी तलाश के बाद भी गाय का पता नहीं चला। इसके बाद 24 सितंबर को धर्मजीत अगरिया के घर के पास शौचालय के लिए बनाए गए सोख्ता में गाय के चार कटे हुए पैर मिलने की बात सामने आई। घटना की जानकारी मिलने के बाद गांव में बैठक कर मामले को लेकर पूछताछ की गई।

पूछताछ में 9 लोगों के नाम सामने आने का पुलिस का दावा

पुलिस के अनुसार, पूछताछ के दौरान राजेश कुम्हरिया, प्रदीप चरगट, धर्मजीत अगरिया, रविशंकर, अमरसाय, नघुराम, कोमला, फुलबसिया और रेशमा उर्फ हुगली के नाम सामने आए। पुलिस का दावा है कि पूछताछ के दौरान सभी आरोपियों ने गाय को मारकर उसका मांस खाने की बात स्वीकार की। इसके बाद पुलिस टीम ने घेराबंदी कर सभी आरोपियों को उनके निवास स्थान से गिरफ्तार किया और न्यायिक रिमांड पर भेज दिया।

ग्रामीणों की शिकायत के बाद बढ़ी पुलिस की कार्रवाई

मामले को लेकर 26 सितंबर को ग्रामीणों की ओर से चौकी रनहत में लिखित आवेदन दिया गया था। आवेदन में घटना की जांच, उपलब्ध वीडियो साक्ष्यों की जांच, घटनास्थल का निरीक्षण और दोषी पाए जाने वाले लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की गई थी। ग्रामीणों ने घटना को लेकर आक्रोश जताते हुए पुलिस से जल्द कार्रवाई की मांग की थी। इसके बाद पुलिस द्वारा की गई गिरफ्तारी को मामले में महत्वपूर्ण कार्रवाई के तौर पर देखा जा रहा है।

पहले आवेदन पर कार्रवाई को लेकर भी उठे सवाल

मामले में इससे पहले चौकी प्रभारी रनहत ने बताया था कि 23 सितंबर को भी एक आवेदन प्राप्त हुआ था और पुलिस ने मौके पर जाकर जांच की थी। उनके अनुसार, उस समय मांस बनाए जाने की बात सामने आई थी। पुलिस ने संबंधित लोगों को समझाइश देकर वापस भेज दिया था और उस समय कोई कार्रवाई नहीं की गई थी।

अब 9 लोगों की गिरफ्तारी के बाद पुलिस की शुरुआती कार्रवाई को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। सवाल यह है कि पहली शिकायत के समय पुलिस ने किस स्तर पर जांच की थी और उस समय कार्रवाई क्यों नहीं की गई। फिलहाल, वर्तमान मामले में पुलिस ने अपराध दर्ज कर 9 आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। मामले की आगे की जांच जारी है।


Related Articles