उतई। नगर पंचायत उतई के वार्ड क्रमांक 14 एवं 15 में विगत लगभग 15 दिनों से दूषित पेयजल के कारण पीलिया (जॉन्डिस) का गंभीर प्रकोप फैल गया है। निरीक्षण के दौरान लगभग 20 से अधिक मरीजों के घरों का दौरा किया गया, जिसमें यह तथ्य सामने आया कि नालियों में भरे गंदे पानी के कारण घरों के नलों में बदबूदार एवं दूषित पानी अचानक आने लगा।
प्रारंभ में वार्ड के एक-दो परिवारों को यह भ्रम हुआ कि केवल उनके घर का पानी खराब है, किंतु धीरे-धीरे पूरे मोहल्ले में एक ही कारण से पीलिया फैलने लगा। इसके बावजूद वार्ड पार्षद द्वारा बार-बार आग्रह किए जाने के बाद भी नालियों में ब्लीचिंग पाउडर का छिड़काव तक नहीं किया गया, जो नगर पंचायत की घोर लापरवाही को दर्शाता है।
निरीक्षण के दौरान कांग्रेस पार्टी के साथियों द्वारा नागरिकों से अपील की गई कि वे पानी को उबालकर एवं गर्म करके ही पीएँ। नगर पंचायत के सीएमओ से दूरभाष पर संपर्क करने पर उन्होंने बताया कि कार्रवाई जारी है, किंतु वर्तमान स्थिति में की जा रही कार्रवाई संतोषजनक प्रतीत नहीं हो रही है।
गौरतलब है कि वर्तमान सरकार एवं नगर पंचायत अध्यक्ष द्वारा सत्ता में आने के समय 6 माह के भीतर पेयजल व्यवस्था सुधारने का वादा किया गया था, किंतु लगभग एक वर्ष बीत जाने के बाद भी जमीनी स्तर पर कोई ठोस सुधार देखने को नहीं मिल रहा है।
नगर पंचायत उतई से मांग की जाती है कि नागरिकों के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए शीघ्र साफ एवं सुरक्षित पेयजल की व्यवस्था की जाए तथा स्वास्थ्य विभाग को तत्काल सूचित कर विशेष मेडिकल टीम की तैनाती की जाए, ताकि पीलिया का प्रकोप अन्य वार्डों में न फैल सके।
साथ ही यह भी अपील की जाती है कि प्रभावित वार्डवासियों का उपचार विशेषज्ञ डॉक्टरों की निगरानी में कराया जाए। किसी भी अप्रिय या अपरिहार्य घटना की स्थिति में इसकी संपूर्ण जिम्मेदारी नगर प्रशासन एवं संबंधित अस्पताल प्रबंधन की होगी।
निरीक्षण के दौरान उपस्थित रहे:
डिकेंद्र हिरवानी (पार्षद), द्वारीका साहू, पूर्व पार्षद प्रहलाद वर्मा, तोषण साहू, वीरेंद्र गोस्वामी, कांग्रेस पार्टी के साथीगण – भावेश साहू, टीकम डोडे, योगेश माडले, धनंजय नेताम, रोशन साहू, गुलशन शर्मा, प्रेम नारायण साहू एवं अन्य।
पीलिया से पीड़ित परिवार/व्यक्ति:
गरिमा यादव, यक्षित यादव, कुमकुम वर्मा, खेम प्रकाश वर्मा, नैतिक यादव, देवेंद्र सिंह, ओम प्रकाश सिंह, धनंजय सिन्हा, मनीष साहू, फाल्गुनी साहू, श्रीवास चंद्राकर, सुकून हेजल, पिलेश्वरी सहित अन्य नागरिक इस बीमारी से जूझ रहे हैं।

