Jashpur News: बारिश और डैम के पानी ने बढ़ाई मुश्किल, सड़क बहने से गांवों का संपर्क टूटा

Jashpur News: बारिश और डैम के पानी ने बढ़ाई मुश्किल, सड़क बहने से गांवों का संपर्क टूटा

Chhattisgarh Jashpur News: जशपुर। जिले के सन्ना तहसील क्षेत्र में लगातार हो रही बारिश के बीच डूमरकोना से हर्राडीपा जाने वाली सड़क का बड़ा हिस्सा पानी के तेज बहाव में बह गया। जोकारी नाला के पास सड़क क्षतिग्रस्त होने से आवागमन पूरी तरह प्रभावित हो गया है। इसके चलते कई गांवों का मुख्य मार्ग से संपर्क टूट गया है और ग्रामीणों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

जानकारी के मुताबिक, यह सड़क प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (PMGSY) के तहत पिछले वर्ष ही बनाई गई थी। बताया जा रहा है कि लगातार बारिश के कारण नजदीक बने डैम का पानी सड़क पर आ गया। पानी के तेज बहाव के चलते सड़क का बड़ा हिस्सा बह गया।

सड़क क्षतिग्रस्त होने से आसपास के कई गांवों के लोगों का सन्ना तहसील मुख्यालय और जिला मुख्यालय से संपर्क प्रभावित हो गया है। ग्रामीणों का कहना है कि पिछले साल ही उन्होंने प्रशासन को इस समस्या से अवगत कराया था, लेकिन समय रहते आवश्यक कदम नहीं उठाए गए। ग्रामीणों ने प्रशासन से जल्द सड़क की मरम्मत कराकर आवागमन बहाल करने की मांग की है।

वहीं, इस मामले में PMGSY के अधिकारी से संवाददाता ने फोन पर बातचीत करने की कोशिश की, लेकिन खबर लिखे जाने तक अधिकारी की ओर से कोई प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।


Related Articles